Prayagraj : स्कूल में छात्र की हत्या करने वाला नाबालिग मुख्य आरोपी हिरासत में, अब तक हो चुकी है तीन गिरफ्तारी
करछना के इंदिरा गांधी इंटर कॉलेज बुधवार को हुई छात्र अवनीश पांडे की हत्याकांड का मुख्य आरोपी दूसरे नाबालिग छात्र को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया। अब तक पुलिस ने इस मामले में नामजद तीन आरोपियों को हिरासत में ले चुकी है।
विस्तार
करछना के इंदिरा गांधी इंटर कॉलेज बुधवार को हुई छात्र अवनीश पांडे की हत्याकांड का मुख्य आरोपी दूसरे नाबालिग छात्र को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया। अब तक पुलिस ने इस मामले में नामजद तीन आरोपियों को हिरासत में ले चुकी है। सभी से पूछताछ जारी है। बुधवार को विद्यालय में इंटर के छात्र अवनीश पांडे (17) की गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए थे। इस मामले में पुलिस आधा दर्जन से अधिक नामजद लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
कॉलेज में 12 वीं के छात्र की चाकू मारकर हत्या
कुलमई लाला का पुरा स्थित इंदिरा गांधी स्मारक इंटर कॉलेज में बुधवार को दो सहपाठियों ने 12वीं के छात्र की चाकू मारकर हत्या कर दी थी। वारदात की वजह घरेलू रंजिश बताई जा रही है। मामले में दो नाबालिगों समेत छह लोगों पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। अब तक तीन आरोपी हिरासत में लिए जा चुके हैं। मृत छात्र अवनीश पांडे (17) कौंधियारा थाना क्षेत्र के गढ़वा कला गांव का रहने वाला था। पिता अमित कुमार पांडे खेती करते हैं। वह दो भाइयों और एक बहन में सबसे बड़ा था। छोटा भाई दिग्विजय पांडे भी उसी स्कूल में पढ़ता है और घटना के समय मौजूद था।
पिता ने बताया कि भोजनावकाश के समय बेटे को उसके दो साथियों ने बहाने से ऊपर छत पर बुलाया और ताबड़तोड चाकू से हमला कर दिया। एक ने सीने और दूसरे ने गर्दन पर प्रहार किया। इसके बाद दोनों उसे खून से लथपथ छोड़ कॉलेज के पीछे की तरफ धान के खेत में कूदकर भाग गए। घायल अवस्था में सीएचसी से उसे प्रयागराज के स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पिता के अनुसार उनका पड़ोसी रामेश्वर तिवारी व विजय कुमार पांडेय से जमीन का विवाद चल रहा है। स्कूल टीचर पप्पू मिश्रा विपक्षियों का रिश्तेदार है।
पप्पू उनके बेटे को आए दिन किसी न किसी बहाने से पीटता था, जिससे गुस्सा होकर उनके बेटे ने करीब चार दिन पहले पप्पू को थप्पड़ मार दिया था। इन्हीं लोगों ने साजिश के तहत बेटे की हत्या कराई है। पिता अमित कुमार पांडे की तहरीर पर टीचर पप्पू मिश्रा और पड़ोसी विजय कुमार पांडे, रामेश्वर प्रसाद तिवारी, हिम्पू और दो नाबालिगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
शिक्षकों की मौजूदगी में हुई छात्र की हत्या, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे रहे सवाल
करछना थाना क्षेत्र के कुलमई लाला का पुरा स्थित इंदिरा गांधी इंटर कॉलेज में बुधवार सुबह हुई छात्र अवनीश पांडे (17) की हत्या ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। कॉलेज परिसर में शिक्षकों और विद्यार्थियों की मौजूदगी में हुई इस घटना से न केवल छात्र-छात्राएं बल्कि अभिभावक भी खौफजदा हैं। उधर कॉलेज में विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं। उधर घटना के बाद से कॉलेज प्रबंधक का लगातार फोन बंद रहा।
छात्र और शिक्षकों की मौजूदगी के बावजूद नाबालिग छात्र चाकू लेकर परिसर में कैसे प्रवेश कर गए और इतनी भयावह घटना को अंजाम दे दिया, यह सवाल सभी की जुबान पर है। उधर, पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे रिश्तेदारों के बीच इस बात की भी चर्चा रही कि इसकी भी जांच होनी चाहिए कि घटना में नाबालिग छात्र क्यों शामिल हुए। क्या उनसे भी कोई विवाद था।
सवाल यह भी है कि अगर माहौल तनावपूर्ण था तो कॉलेज प्रबंधन को इसकी भनक क्यों नहीं लगी। आरोप लग रहे हैं कि कॉलेज प्रबंधन समय रहते स्थिति को भांप गया होता तो शायद इतनी बड़ी घटना नहीं घटती। इस बाबत स्कूल प्रबंधक मनोज पांडेय से बात करने का प्रयास किया गया लेकिन उनका फोन लगातार बंद रहा।