प्रयागराज : सीसीटीवी कैमरे बंद कर हो रहा था खनन, कई पर गिर सकती गाज, आज भी जारी रहा निरीक्षण
डीएम के निर्देश पर एडीएम हर्षदेव पांडेय की अगुवाई में एसडीएम बारा, वरिष्ठ खान अधिकारी की टीम ने बारा के कचरा, मान सिंह ओझा, नौड़िया एवं बिल्हौर घाट का निरीक्षण किया। लखनऊ से आए प्रभारी खनन अधिकारी संयुक्त निदेशक जय प्रकाश, जीके दत्ता, मनीष यादव, भू वैज्ञानिक आशीष चौधरी ने भी इन घाटों का निरीक्षण किया। यह कार्रवाई गुरुवार को भी जारी रही।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
यमुनापार में अवैध बालू खनन का खुला खेल जारी है। सीसीटीवी कैमरे बंद करके यमुना नदी की बीच धारा एवं पट्टा क्षेत्र से बाहर जाकर खनन किया जा रहा है। प्रशासन एवं लखनऊ से आई खनन विभाग की टीम ने बुधवार को निरीक्षण के दौरान इस काले कारोबार को पकड़ा। इसपर दो पट्टाधारकों के खिलाफ पांच लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। अफसर फिलहाल कुछ नहीं बोल रहे हैं, लेकिन कई की भूमिका संदिग्ध बताई जा रही है। इनके खिलाफ कार्रवाई तय मानी जा रही है। यह कार्रवाई गुरुवार को भी जारी रही। टीम ने जिले के कई घाटों का निरीक्षण किया।
डीएम के निर्देश पर एडीएम हर्षदेव पांडेय की अगुवाई में एसडीएम बारा, वरिष्ठ खान अधिकारी की टीम ने बारा के कचरा, मान सिंह ओझा, नौड़िया एवं बिल्हौर घाट का निरीक्षण किया। लखनऊ से आए प्रभारी खनन अधिकारी संयुक्त निदेशक जय प्रकाश, जीके दत्ता, मनीष यादव, भू वैज्ञानिक आशीष चौधरी ने भी इन घाटों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण से पहले ही मजदूर भाग गए थे। जेसीबी आदि भी हटा लिए गए थे और सन्नाटा पसरा था, लेकिन अवैध खनन के साक्ष्य मौजूद थे। कचरा घाट पर चार में से दो पिलर ही गायब थे और अनुमति से बाहर 300 घनमीटर क्षेत्र में अवैध तरीके से खनन किया जा रहा था। इस पर पट्टाधारक के खिलाफ दो लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। मान सिंह ओझा घाट पर भी अनुमति से बाहर 500 घनमीटर क्षेत्र में खनन किया जा रहा था। इस घाट पर सीसीटीवी कैमरे भी बंद मिले। पट्टाधारक के खिलाफ तीन लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।
निरीक्षण के दौरान नौड़िया घाट पर भी सीसीटीवी कैमरे बंद मिले। नौड़िया एवं बिल्हौर घाट पर भी जलधारा तथा अनुमति क्षेत्र से बाहर जाकर खनन पकड़ा गया। वरिष्ठ खान अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि अवैध खनन की पैमाइश कराई जा रही है। इसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
लखनऊ से आए एक अधिकारी ने बताया कि बृहस्पतिवार काे भी निरीक्षण किया जाएगा। पूरी रिपोर्ट निदेशालय को भेजी जाएगी। इसमें कई अफसरों के खिलाफ कार्रवाई की भी संस्तुति की जा सकती है। डीएम संजय कुमार खत्री का कहना है कि कई घाटों का निरीक्षण किया गया। कई जगह पर गड़बड़ी पाई गई है। पट्टाधारकों के खिलाफ कार्रवाई भी की गई है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री बोले- अवैध खनन पर लगे प्रभावी रोक
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश में कानून व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने अवैध खनन एवं परिवहन पर प्रभावी तरीके से रोक लगाने के लिए जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए। हालांकि, उन्होंने किसी जिले का नाम नहीं लिया।