प्रयागराज : पत्नी की गला दबाकर हत्या कर बच्चों को लेकर पहुंचा थाने, फाफामऊ में हुई वारदात
मजदूरी पेशा युवक ने मंगलवार की शाम अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद वह अपने तीन बच्चों के साथ फाफामऊ थाने पहुंचा और पुलिस को घटना की जानकारी दी।
विस्तार
मजदूरी पेशा युवक ने मंगलवार की शाम अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद वह अपने तीन बच्चों के साथ फाफामऊ थाने पहुंचा और पुलिस को घटना की जानकारी दी। वारदात का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। मृतका के पिता रवि शंकर मौर्य ने आरोपी चंद्र प्रकाश मौर्य के खिलाफ हत्या की तहरीर दी है।
जालौन जनपद के जगनेवा थाना क्षेत्र के चंद्र प्रकाश मौर्य का विवाह होलागढ़ के राजापुर चौबारा गांव की विनीता मौर्य (32) से 12 वर्ष पहले हुआ था। चंद्र प्रकाश की रिश्तेदारी विनीता के गांव में थी। आने-जाने के दौरान दोनों में प्रेम हुआ और उन्होंने शादी कर ली। पहले दोनों जालौन में रहते थे। इधर छह वर्षों से वे फाफामऊ के गद्दोपुर स्थित लक्ष्मीपुरम कॉलोनी में किराये के मकान में रहते थे। दंपती के तीन बच्चे अनुराधा (10), आर्यन (8) और आर्यस (6) हैं।
मंगलवार की शाम को चंद्र प्रकाश तीनों बच्चों को लेकर फाफामऊ थाने पहुंचा। उसने पुलिस को बताया कि उसने अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी है। इसके बाद वह गुमसुम बैठ गया। पुलिस ने मृतका के मायके वालों को सूचना दी तो पिता थाने पहुंचे। थाना प्रभारी छोटक यादव ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट हो पाएगा।