Lekhpal Recruitment : महिला परीक्षार्थी को नकल कराने पर हंगामा, प्रधानाचार्य समेत नौ पर एफआईआर
सूत्रों ने बताया कि परीक्षा खत्म होने को ही थी कि तभी दूसरे तल पर स्थित कक्ष संख्या 12 से चीखने-चिल्लाने की आवाजें आनेे लगीं। स्कूल प्रशासन मौके पर पहुंचा तो दो छात्राओं में विवाद हो रहा था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
लेखपाल भर्ती परीक्षा के दौरान करेली के चेतना गर्ल्स इंटर कॉलेज में महिला परीक्षार्थी को नकल कराने पर जमकर हंगामा हुआ। छात्रों ने स्कूल स्टाफ से नोकझोंक के बाद नारेबाजी शुरू कर दी। डीएम ने जांच कराई और रिपोर्ट के आधार पर देर शाम प्रधानाचार्य समेत नौ लोगों पर एफआईआर दर्ज कर ली गई।
सूत्रों ने बताया कि परीक्षा खत्म होने को ही थी कि तभी दूसरे तल पर स्थित कक्ष संख्या 12 से चीखने-चिल्लाने की आवाजें आनेे लगीं। स्कूल प्रशासन मौके पर पहुंचा तो दो छात्राओं में विवाद हो रहा था। रितू सिंह नाम की परीक्षार्थी पर एक अन्य महिला परीक्षार्थी आरोप लगा रही थी कि उसे आंसर की लिखी चिट के जरिये नकल कराई जा रही है। उसने एक चिट भी दिखाई जिस पर आंसर की लिखी हुई थी।
इस बात की जानकारी पर वहां मौजूद अन्य परीक्षार्थियों ने हंगामा शुरू कर दिया। उन्होंने नकल कराने के आरोप लगाए जिस पर स्कूल स्टाफ से उनकी नोकझोंक होने लगी। इसी दौरान किसी ने सूचना दी तो एसपी सिटी दिनेश कुमार सिंह मयफोर्स मौके पर पहुंच गए और छात्रों को समझाया। उधर एडीएम सिटी भी आ गए। मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को हुई तो हड़कंप मच गया। जिसके बाद डीएम ने एडीएम प्रशासन को जांचकर रिपोर्ट देने को कहा।
प्रारंभिक जांच के दौरान परीक्षा के दौरान कई अनियमितताएं बरते जाने की बात सामने आई। जिससे इस बात की आशंका जताई गई कि परीक्षार्थी को नकल कराई गई और इसमें कहीं न कहीं केंद्र प्रबंधन व स्टाफ की संलिप्तिता रही। प्रारंभिक जांच रिपोर्ट के आधार पर डीएम ने रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए। इसके बाद देर शाम करेली थाने में प्रधानाचार्य समेत नौ के खिलाफ धोखाधड़ी, परीक्षा अधिनियम समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। सीओ सत्येंद्र प्रसाद तिवारी ने बताया कि जांच पड़ताल की जा रही है।
छात्रा को भी बनाया गया आरोपी
करेली थाने में दर्ज एफआईआर में नकल करने की आरोपी छात्रा को भी नामजद किया गया है। रिपोर्ट स्टैटिक मजिस्ट्रेट व खाद्य सुरक्षा अधिकारी संदीप यादव की तहरीर पर दर्ज की गई है। इसमें प्रधानाचार्य शबनम परवीन, प्रबंधन का काम संभालने वाले उनके बेटे कसान व शाहबान अहमद, कार्यालय प्रभारी गिरिराज गुप्ता, कार्यालय सहायक महाबीर सिंह, कक्ष निरीक्षक हुमा बानो व मालाधारी सिंह, परीक्षार्थी रितू सिंह व एक अज्ञात को आरोपी बनाया गया है।
पुलिस ने डीवीआर लिया कब्जे में
जांच पड़ताल के बाद पुलिस ने स्कूल में लगा डीवीआर कब्जे में ले लिया। इससे पहले जांच टीम ने परीक्षा शुरू होने से लेकर खत्म होने तक का फुुटेज खंगाला। सूत्रों का कहना है कि इस दौरान आरोपी परीक्षार्थी की गतिविधियां संदिग्ध मिलीं। कुछ अन्य ऐसी बातें भी सामने आईं, जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत हुआ। उधर पुलिस ने मौके से बरामद आंसर की लिखी चिट भी कब्जे में ले ली।
छात्रों ने भी दी तहरीर
इससे पहले आक्रोशित छात्रों की ओर से भी पुलिस को शिकायती पत्र दिया गया। इसमें स्कूल स्टाफ पर नकल कराने का आरोप लगाया गया। साथ ही यह भी बताया गया कि आरोपी छात्रा जिस आंसर की लिखी चिट से नकल कर रही थी, उसे भी कब्जे में लेकर पुलिस को सौंपा गया है।