कुंभ 2019: योगी महासभा के पंडाल में लगी आग, 2 टेंट जलकर खाक
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सेक्टर 15 स्थित नाथ संप्रदाय के योगी महासभा के शिविर में मंगलवार दिन में करीब 12 बजे आग लग गई। शिविर में सीएम योगी आदित्यनाथ और उपाध्यक्ष बालक नाथ के लिए विशेष रूप से तैयार दो लक्जरी टेंट आग से पूरी तरह से खाक हो गए। आसपास के टेंटों को भी काफी नुकसान पहुंचा। दमकल की कई गाड़ियों ने प्रयास कर आग पर काबू पाया। आग से टेंट में रखे अन्य सामान के साथ कैश भी जला है। लाखों का नुकसान होने की आशंका है। घटना से प्रशासन के हाथ पांव फूले हुए थे। मेलाधिकारी ने पूरी घटना की जांच की बात कही है। उनका यह भी कहना है कि नुकसान की क्षतिपूर्ति भी की जाएगी।
कुंभ मेला क्षेत्र के सेक्टर 15 में अखिल भारतवर्षीय अवधूत भेष बारह पंथ योगी महासभा गोरखनाथ अखाड़े का शिविर है। महासभा के अध्यक्ष प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हैं। शिविर के भीतर सैकड़ों टेंट तैयार किए गए हैं। इनमें से दो अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त लक्जरी टेंट महासभा के अध्यक्ष और प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ तथा उपाध्यक्ष बालकनाथ जी महाराज के लिए भी तैयार किए गए थे।
मंगलवार की सुबह तकरीबन बारह बजे उपाध्यक्ष बालकनाथ महाराज के टेंट के भीतर से धुंआ उठने लगा। उस वक्त बालकनाथ शिविर से निकलकर मेला क्षेत्र में भ्रमण को गए थे। जब तक शिविर के भीतर मौजूद साधु-संत कुछ समझ पाते आग की लपटों ने भीषण रूप अख्तियार कर लिया। सीए योगी के टेंट तक भी आग पहुंच गई। उनका टेंट भी धू-धू कर जल उठा। शिविर के भीतर अफरातफरी मच गई। लोग चीख पुकार करते हुए भागने लगे। साधु-संत आग की लपटों को बुझाने में जुट गए। फायर ब्रिगेड की एक बाइक वहां हमेशा खड़ी रहती है। फायरमैन ने कोशिश की लेकिन आग भयानक थी।
सूचना परफायर ब्रिगेड की चार गाड़ियां मौके पर पहुंची और कुछ देर में आग की लपटों पर काबू पाया। टेंट में ब्लोअर और हीटर चल रहा था। आशंका व्यक्त की जा रही है कि इसी से हीटिंग या शार्ट सर्किट से ही आग लगी। टेंट के भीतर लगाई गई लग्जरी पलंग, सोफासेट तथा अन्य फर्नीचर आदि सामान जलकर नष्ट हो गए। उपाध्यक्ष बालकदास जी महाराज के टेंट के भीतर रखे लगेज और लाखों रुपये कैश व कपड़े भी जलकर खाक हो गए।
शिविर के योगी सूरजनाथ ने बताया कि हादसे में कुछ पैसे, कपड़े और अन्य सामान जले हैं। किसी प्रकार के जानमाल का नुकसान नहीं है। हादसे के कारण मेला क्षेत्र में घंटों अफरातफरी मची रही।
मुख्यमंत्री को दी गई जानकारी
योगी महासभा में आग की सूचना तुरंत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को दी गई। उन्होंने शिविर में फोन कर लोगों का हाल चाल पूछा। खाक हो गए सामान तथा अन्य बातों के बारे में भी मुख्यमंत्री ने पूछताछ की। अधिकारियों ने भी उन्हें फोनकर स्थिति की पूरी जानकारी दे दी थी।
शार्ट सर्किट से आग की आशंका है। आग से दो टेंटों के सामान जलकर खाक हो गए। कुछ कैश भी जला है। इस मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। जो भी नुकसान हुआ है, उसकी क्षतिपूर्ति
की जाएगी। -विजय किरन आनंद, मेलाधिकारी
आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को भेजा गया। दमकल विभाग की तत्परता ने आग बढ़ने से रोक दिया था। टेंट में ब्लोअर और हीटर जल रहे थे। संभवत: उसकी हीटिंग या शार्ट सर्किट की वजह से आग लगी। जांच के बाद अंतिम नतीजे पर पहुंचा जाएगा।-प्रमोद शर्मा, सीएफओ कुंभ