प्रयागराज : भाजपा नेता को गोली मारने के आरोपियों के घर होगी कुर्की, पुलिस चस्पा की नोटिस
थाना क्षेत्र के ईसीपुर गांव निवासी सुभाष कुशवाहा का 32 वर्षीय बेटा अवधेश मौर्य भारतीय जनता पार्टी के युवा मोर्चा का मंडल अध्यक्ष है। अवधेश की फर्नीचर की दुकान भी है। 25 अक्टूबर 2021 की रात तकरीबन साढ़े ग्यारह बजे वह घर के पास चाचा की दुकान पर बैठा था।
विस्तार
थाना क्षेत्र के ईसीपुर मलावा गांव में तकरीबन तीन माह पहले भाजयुमो नेता अवधेश मौर्य को गोली मारने के मामलेे में तीनों आरोपियों के घर पर इलाकाई पुलिस ने बुधवार को कुर्की की नोटिस चस्पा की। घटना के तीन माह बाद भी पूर्व प्रधान समेत तीनों आरोपी फरार चल रहे हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए इलाकाई पुलिस लगातार जगह-जगह दबिश देती रही लेकिन वे हाथ नहीं लगे। इस पर कोर्ट ने आरोपियों के घर कुर्की की नोटिस चस्पा करने का आदेश दिया। तब इलाकाई पुलिस ने बुधवार को पूरे गांव में लाउडी स्पीकर से मुनादी कराई और बाद में एक-एक कर तीनों आरोपियों के घर पर कुर्की की नोटिस चस्पा की।
थाना क्षेत्र के ईसीपुर गांव निवासी सुभाष कुशवाहा का 32 वर्षीय बेटा अवधेश मौर्य भारतीय जनता पार्टी के युवा मोर्चा का मंडल अध्यक्ष है। अवधेश की फर्नीचर की दुकान भी है। 25 अक्टूबर 2021 की रात तकरीबन साढ़े ग्यारह बजे वह घर के पास चाचा की दुकान पर बैठा था। तभी उसे गोली मार दी गई। गोली लगने पर अवधेश जान बचाकर कुछ दूर तक भागा और वहीं गिर पड़ा। उधर, हमलावर गोली मारने के बाद मौके से फरार हो गए।
तीनों आरोपी अभी तक नहीं हो सके हैं गिरफ्तार
अवधेश की चीख सुनकर कर परिजन मौके पर पहुंचे तो उसे खून से लथपथ देख उनके होश उड़ गए थे। हमले से नाराज परिजनों ने ग्रामीणों संग झूंसी-सहसों मार्ग पर चक्काजाम भी लगाया था। मामला दो समुदायों से जुड़ा होने के कारण गांव में तनाव फैल गया था। पुलिस ने पिता सुभाष की तहरीर पर मलावां बुजुर्ग के पूर्व प्रधान बब्बू पुत्र जुलकदर, उसके भाई साबिर तथा इरफान पुत्र अनवार निवासी मलावां खुर्द के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया।
तीनों आरोपी अब तक पुलिस की पकड़ में नहीं आ सके हैं। इस पर कोर्ट ने तीनों आरोपियों के खिलाफ कुर्की की नोटिस चस्पा करने का आदेश दिया। बुधवार को इंसपेक्टर झूंसी यशपाल सिंह की अगुवाई में झूंसी पुलिस ने एक-एक कर पूर्व प्रधान बब्बू, भाई साबिर तथा इरफान के घर पर पहुंची और कुर्की की नोटिस चस्पा की गई। इसके पहले पूरे गांव में लाउडी स्पीकर से मुनादी भी कराई गई। इससे पूरे गांव में हड़कंप मचा रहा।