इलाहाबाद विवि में स्नातक अंतिम वर्ष का रिजल्ट 19 नवंबर से पहले, कुलपति ने सभी कॉलेजों को जारी किया पत्र
बीएड की संयुक्त प्रवेश परीक्षा में इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) और संघटक महाविद्यालयों से चयनित हुए छात्र-छात्राओं के लिए राहत वाली खबर है। स्नातक अंतिम वर्ष की परीक्षा का परिणाम 19 नवंबर से पहले जारी कर दिया जाएगा। वहीं, परास्नातक यानी पीजी अंतिम सेमेस्टर की परीक्षाओं का रिजल्ट 22 नवंबर तक जारी किए जाने की तैयारी है। ऐसे में इविवि एवं संघटक कॉलेजों के स्नातक अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए 19 से बीएड में प्रवेश के लिए शुरू होने जा रही काउंसलिंग में शामिल होने का रास्ता साफ हो जाएगा।
स्नातक अंतिम वर्ष और पीजी अंतिम सेमेस्टर की परीक्षा में शामिल हुए अभ्यर्थियों की कॉपियां मूल्यांकन के लिए ऑनलाइन माध्यम से सभी संघटक कॉलेजों को भेजी जा चुकी हैं। कुलपति प्रो. आरआर तिवारी ने सभी संघटक महाविद्यालयों को पत्र जारी कर कहा है कि कोविड-19 के कारण कई बाधाओं के बीच परीक्षाओं का आयोजन कराय गया। परीक्षा नियंत्रक पर विभिन्न कारणों से परिणाम शीघ्र जारी किए जाने का काफी दबाव है। ऐसे में हम सभी का कर्तव्य है कि उनकी मदद के लिए आगे आएं और इविवि के हित में काम करें।
कुलपति ने सभी कॉलेजों से कहा है कि स्नातक अंतिम वर्ष की परीक्षा में शामिल सभी छात्र-छात्राओं के प्राप्तांक हर हाल में 16 नवंबर तक और पीजी अंतिम सेमेस्टर की परीक्षाओं में शामिल विद्यार्थियों के प्राप्तांक 22 नवंबर तक परीक्षा नियंत्रक कार्यालय को उपलब्ध करा दिए जाएं, ताकि परिणाम निर्धारित समय-सीमा के भीतर जारी किए जा सकें।
कुलपति ने अपने पत्र में यह भी कहा है कि अगर इस संबंध में कोई समस्या आती है तो वीसी ऑफिस या उनके ईमेल पर अथवा सीधे फोन पर उनसे संपर्क किया जा सकता है। उधर, रविवार के साप्ताहिक अवकाश पर भी परीक्षा नियंत्रक कार्यालय खुला रहा और परीक्षा नियंत्रक प्रो. रामेंद्र कुमार सिंह एवं स्टाफ के सभी लोग परिणाम तैयार करने में जुटे रहे।