प्रयागराज : सैन्य अधिकारी के घर से सोने के बिस्किट समेत लाखों की चोरी, घटना सीसीटीवी में हुई कैद
सैन्य अधिकारी के घर से चोर लाखों रुपये के जेवर और नकदी उठा ले गए। अधिकारी की लखनऊ में उपचार के दौरान मौत हो गई। परिजन शव लेकर घर पहुंचे तो दरवाजे का ताला टूटा था और घर में रखे जेवर समेत नकदी, लैपटॉप, मोबाइल गायब थे। घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
धूमनगंज में एयरफोर्स के स्क्वॉड्रन लीडर श्यामल दत्त के घर से चोर 100 ग्राम सोने के बिस्किट समेत लाखों का सामान चोरी कर ले गए। अफसर लखनऊ में भर्ती थे। इलाज के दौरान उनकी मौत के बाद परिवार लौटा तब घटना की जानकारी हुई। पुलिस ने अज्ञात में केस दर्ज किया है।
अफसर अपने परिवार के साथ प्रीतमनगर स्थित एचआईजी कॉलोनी में रहते थे। उनकी पत्नी गौरी दत्त ने पुलिस को बताया कि वह 21 जनवरी को पति के इलाज के लिए लखनऊ चली गई थीं। पति की इलाज के दौरान मौत होने पर जब वह शव लेकर पांच फरवरी को घर लौटीं तो दरवाजों पर लगे और आलमारियों की तिजोरियाें के ताले टूटे हुए थे। साथ ही गहनों के अलावा कीमती सामान व इलाज के लिए रखी नकदी भी गायब थी।
चोरी गए सामान में सोने के बिस्किट के अलावा सोने की तीन बड़ी व दो छोटी चेन, पांच अंगूठी, चूड़ी, मंगलसूत्र, हार व कुंडल सेट, कान के टॉप्स, लटकन, झाले, कंगन, पायल, सोने के सिक्के आदि समेत अन्य गहने व लैपटॉप, टैबलेट, मोबाइल समेत अन्य सामान शामिल हैं।
यह पूरी घटना बगल के मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। फुटेज देखने से पता चला कि घटना 28 जनवरी की रात 12 बजे हुई और इसे बाइक से आए दो-तीन लोगों ने मिलकर अंजाम दिया। धूमनगंज इंस्पेक्टर राजेश कुमार मौर्य ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों को चिह्नित करने का प्रयास किया जा रहा है।
घर के बाहर खड़ा ई- रिक्शा उठा ले गए चोर
तेलियरगंज में चोर आधी रात घर के सामने से ई- रिक्शा उड़ा ले गए। पेट्रोलपंप के सामने रहने वाली अन्नू देवी पत्नी प्रदीप का आरोप है कि उसके भाई अश्वनी ने ई रिक्शा खरीदकर उसे दिया था, जिसे चलवाकर ही वह परिवार का भरण पोषण करती है। रोज की तरह चार्जिंग में लगाकर ई रिक्शा घर के बाहर ही खड़ा किया था। सुबह उठने पर यह गायब मिला। बगल में लगे कैमरे का फुटेज चेक करने पर एक व्यक्ति भोर में ई रिक्शा लेकर जाते नजर आया। शिवकुटी प्रभारी संजय गुप्ता ने बताया कि फुटेज के लिए चाेरी करने वाले की तलाश की जा रही है।