Prayagraj: निर्माणाधीन सिक्सलेन पुल की गिरी आरसीसी बीम, छात्रों ने कार्यदाई संस्था के खिलाफ काटा हंगामा
महाकुंभ 2025 की महत्वाकांक्षी परियोजनाओं में से एक गंगा नदी पर निर्माणाधीन सिक्स लेन पुल की आरसीसी बीम बुधवार की शाम अचानक गिर गई। जिसके बाद अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
महाकुंभ 2025 की महत्वाकांक्षी परियोजनाओं में से एक गंगा नदी पर निर्माणाधीन सिक्स लेन पुल की आरसीसी बीम बुधवार की शाम अचानक गिर गई। जिसके बाद अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि बेली इलाके की तरफ हुए इस हादसे में कोई जन हानि नहीं हुई है। कार्यदाई संस्था एसपी सिंघला की मानें तो गाटर जी-4 पर आरसीसी बीम सेट करने के दौरान रोलर जैक के अचानक फेल होने से यह घटना हुई। वहीं दूसरी तरफ मामले की जानकारी होने के बाद कई छात्र नेता मौके पर पहुंचकर कार्यदाई संस्था के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। जिसके बाद उन्होंने पुल का निर्माण कर रहे लेबर, कर्मचारी व अधिकारियों को मौके पर खदेड़ दिया।
बेली से फाफामऊ मलाक हरहर तक गंगा पर बन रहे पुल के लिए आरसीसी बीम तैयार कर उसे शिफ्ट करने का काम चल रहा है। बुधवार शाम डबल साइड की बीम को रोल जैक के जरिए शिफ्ट किया जा रहा था। इसी बीच एक साइड की रोल जैक ने बीम को उठा दिया। जबकि दूसरी तरफ का रोलर जैक फेल हो गया और बीम नाले के पास गिरकर टूट गई। इस पुल के दोनों तरफ रिहायशी इलाका है। जिसके बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। काफी संख्या में वहां छात्र पहुंच गए और हंगामा करने लगे। लापरवाही का आरोप लगाकर छात्रों ने जमकर नारेबाजी की। मामला अफसरों तक पहुंचा तो पुलिस ने पहुंच भीड़ को शांत कराया।
वहीं, कार्यदाई संस्था ने हंगामा करने वाले छात्रों के लिए खिलाफ पुलिस से शिकायत की गई है। करोड़ों की लागत से बन रहे इस पुल के निर्माण पर हर किसी की निगाह है। शहर के बेली इलाके में इन दिनों पुल की बीम तैयार कर उसे दो साइड से खड़ा कर शिफ्टिंग का काम चल रहा है। आरसीसी बीम को क्रेन से इसलिए नहीं उठाया जा रहा क्योंकि आसपास आबादी है। बीम को रोलर जैक के जरिए शिफ्ट किया जाता है। इसी कार्य के दौरान रोलर जैक फेल होने के कारण यह हादसा हुआ। घटना के बाद समाजवादी छात्र सभा और कांग्रेस के छात्र संगठनों से जुड़े छात्रों ने जमकर हंगामा किया। दरसअसल छात्रों का कहना था कि हाल ही में बिहार और गुजरात में जो पुल गिरा है, वह इसी संस्था ने बनाया था। ऐसे में संस्था का टेंडर समाप्त किया जाना चाहिए।
आरसीसी बीम शिफ्टिंग के दौरान रोलर मशीन के फेल होने से यह हादसा हुआ। इसके अलावा अभी बीम पुल से जुड़ी नहीं थी। निर्माण के दौरान ऐसा हो जाता है। कुछ लोगों ने पहुंच हंगामा कर अफरातफरी मचा दी। -नुसरत खान, परियोजना प्रबंधक, एनएचएआई।
पुल के निर्माण के गुणवत्ता की जांच निरंतर की जा रही है। इस दौरान पूरी सुरक्षा बरती जा रही है। कार्य के दौरान बीम अक्सर गिर जाती है। यह एक प्रक्रिया है। छात्रों ने बवाल कर कर्मचारियों को भगा दिया। उनके खिलाफ पुलिस से शिकायत की गई है। -सुनील सिंघला, एजीएम, एसपी सिंघला।