Prayagraj : पंडाल में बच्ची की करंट से माैत, चार आयोजकों पर गैर इरादतन हत्या का केस
मुट्ठीगंज के कटघर मोहल्ले में सोमवार रात दुर्गा पूजा पंडाल में आयोजकों की लापरवाही ने शिवानी (11 वर्ष) की जान ले ली। करंट से बच्ची की माैत के बाद मां सरिता की ओर से इस संबंध में पुलिस को शिकायत दी गई है।
विस्तार
मुट्ठीगंज के कटघर मोहल्ले में सोमवार रात दुर्गा पूजा पंडाल में आयोजकों की लापरवाही ने शिवानी (11 वर्ष) की जान ले ली। करंट से बच्ची की माैत के बाद मां सरिता की ओर से इस संबंध में पुलिस को शिकायत दी गई है। तहरीर पर चार आयोजकों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। कटघर निवासी धर्मा निषाद की शिवानी इकलाैती बेटी थी। इसके अलावा उनका एक बेटा है। चाचा विशाल निषाद ने बताया कि शिवानी रात 10 बजे घर से दस रुपये लेकर पंडाल देखने गई थी। पंडाल के पास दुर्गा पूजा देखने के लिए लोगों की भीड़ जुटी थी।
इस दाैरान शिवानी ने वहां बने गेट के पीछे से निकलने की कोशिश की। तभी दो फीट ऊंचाई पर लटक रहे खुले तार की चपेट में आ गई और करंट से तड़पने लगी। आरोप है कि मौजूद आयोजकों ने न तो बिजली बंद कराई और न ही उसे बचाने की कोशिश की। शोर शराबा सुनकर माैके पर पहुंचे उनके भाई महेंद्र निषाद ने किसी तरह बच्ची को तार से अलग किया।चाचा विशाल के अनुसार, गंभीर हालत में शिवानी जमीन पर छटपटाती रही।
वे आयोजकों से गाड़ी की चाभी मांगते रहे, ताकि तुरंत अस्पताल ले जाया जा सके लेकिन किसी ने मदद नहीं की। अंत में परिजनों ने बच्ची को कंधे पर उठाकर गली से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।मोहल्ले के सत्येंद्र ने बताया कि बच्ची की मौत के बावजूद पंडाल में पूरी रात साउंड बजता रहा। विरोध करने पर आयोजक झगड़ने लगे।
आखिरकार सुबह पुलिस पहुंची, तब जाकर साउंड बंद हुआ। इससे पहले जानकारी मिलने पर एसीपी राजकुमार मीणा भी पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और परिजनों से मिलकर घटना के पीछे जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि मां सरिता की तहरीर पर आयोजक अभिषेक केसरवानी, छितिज और एक अज्ञात समेत तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। जांच के बाद जिम्मेदारों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
घर पर पहुंची बेटी की लाश.. मां हुई बदहवास
कटघर दुर्गा पंडाल में करंट की चपेट में आकर मासूम शिवानी की मौत ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद जब 11 वर्षीय शिवानी का शव घर पहुंचा तो परिजनों के चीत्कार से पूरा कटघर गूंज उठा। थोड़ी ही देर में मां बदहवास हो गई। वहीं पिता धर्मा भी बेटी के शव को सीने से लगाकर फूट-फूटकर रोते रहे। इस दौरान माता-पिता का दर्द देखकर मोहल्ले के लोगों की भी आंखें नम हो गईं। इस दाैरान घर पर एसीपी राजकुमार मीणा मुट्ठीगंज, अतरसुइया, करेली समेत तीन थानों की पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। गमगीन माहाैल में परिजनों ने कटघर घाट पर शव का अंतिम संस्कार किया।