Prayagraj : जमीन के विवाद में चायल के पूर्व ब्लॉक प्रमुख पर हमला, माफिया अतीक अहमद के चार करीबी गिरफ्तार
एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के पीपलगांव में चायल के पूर्व ब्लॉक प्रमुख सोनू कुमार पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। उनके सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। जमीन के विवाद में उनपर हमला किया गया। इस मामले में पुलिस ने माफिया अतीक के चार करीबियों को गिरफ्तार कर लिया है। नामजद एक आरोपी फरार चल रहा है।
विस्तार
एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के पीपलगांव में चायल के पूर्व ब्लॉक प्रमुख सोनू कुमार पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। उनके सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। जमीन के विवाद में उनपर हमला किया गया। घायल सोनू को एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। एक आरोपी की तलाश की जा रही है। कौशाम्बी के कोइलहा गांव निवासी सोनू कुमार की एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के पीपल गांव में जमीन है। जमीन का विवाद न्यायालय में विचाराधीन है। आरोप है कि कुछ लोग रविवार को जमीन पर अवैध रूप से निर्माण करा रहे थे। इसकी जानकारी होने पर सोनू कुमार ने पुलिस को शिकायत की। आरोप है कि सोनू जब निर्माण कार्य रुकवाने पहुंचे तो छह से सात लोगों ने उनपर हमला बोल दिया। लाठी डंडे व लोहे की रॉड से सिर व हाथ पर हमले से सोनू गंभीर रूप से जख्मी हो गए। आरोप है कि माफिया अतीक के करीबियों ने वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस के आने से पहले हमलावर फरार हो गए।
एयरपोर्ट थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज 24 घंटे के भीतर चार आरोपियों को दबोचा
एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के पीपल गांव में चायल के पूर्व ब्लॉक प्रमुख सोनू कुमार पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने माफिया अतीक के करीबी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पीपलगांव निवासी आरोपी जय प्रकाश दुबे, विकास पासी, संजय और सुनील को पुलिस ने सोमवार को न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया। वहीं, फरार जितेंद्र मिश्रा की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।
एयरपोर्ट थाना पुलिस ने कौशाम्बी के कोइलहा गांव निवासी पूर्व ब्लॉक प्रमुख सोनू के बयान पर पांच आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया था। आरोप है कि रविवार को जमीन पर अवैध रूप से निर्माण कराया जा रहा था। वह जब निर्माण कार्य रुकवाने पहुंचे तो माफिया अतीक के करीबी जेपी दुबे ने अपने साथियों के साथ हमला बोल दिया। लाठी डंडे व लोहे की रॉड से सिर व हाथ पर हमले से वह गंभीर रूप से जख्मी हो गए। एडीसीपी अभिजीत कुमार ने बताया कि केस दर्ज करने के बाद चार टीमाें को गठन कर 24 घंटे के भीतर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। एक फरार आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
माफिया अतीक अहमद से संबंध
सूत्रों से पता चला कि गिरफ्तार बिल्डर जेपी दुबे का संबंध माफिया अतीक अहमद के गिरोह से भी रहा है। वह अतीक के जमीन कारोबार में भी शामिल था। पहले भी पुलिस ने उसके खिलाफ शिकंजा कसा था और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने भी उसके ठिकानों पर छापेमारी की थी।
पुलिस का कहना है कि माफिया अतीक अहमद के जमीन कारोबार के नेटवर्क को तोड़ने के बाद भी, उसके करीबी लोग छुपकर इस धंधे को जारी रखे हुए हैं। इसी कारण, जमीन पर कब्जे की शिकायतों पर पुलिस तुरंत कार्रवाई कर रही है। यही वजह है कि सफेदपोश लोगों की पैरवी के बावजूद पुलिस ने जेपी दुबे को गिरफ्तार किया।
जमीन पर अवैध कब्जा
जांच में यह भी सामने आया है कि बिल्डर जेपी दुबे रियल एस्टेट के कारोबार में अपनी जड़ें जमा चुका था। उसका मनोबल इतना बढ़ गया था कि वह लोगों को धमकाकर और मारपीट करके उनकी जमीनों पर कब्जा कर रहा था। पूर्व ब्लॉक प्रमुख सोनू कुमार की करोड़ों की जमीन पर भी उसकी नजर थी, जिसके कारण उसने यह हमला करवाया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।