बोर्ड परीक्षा : क्यूआर कोड वाला परिचय पत्र नहीं होने पर पांच केंद्र व्यवस्थापक व आठ कक्ष निरीक्षक हटाए गए
प्रथम पाली में हाईस्कूल विज्ञान, द्वितीय में इंटर में गणित व जीव विज्ञान की परीक्षा में केंद्रों की जांच के लिए बोर्ड सचिव दिब्यकांत शुक्ला ने दो टीम गठित की। एक टीम का नेतृत्व उन्होंने स्वयं किया।
विस्तार
सात परीक्षा केंद्रों पर परिचय पत्र नहीं मिलने पर आठ कक्ष निरीक्षक हटा दिए गए हैं। इस पर लापरवाही मान पांच केंद्र व्यवस्थापक व एक एक वाह्य केंद्र व्यवस्थापक को भी हटा दिया गया है। इनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। पांच मुन्ना भाई, जबकि तीन नकलची भी धरे गए हैं।
प्रथम पाली में हाईस्कूल विज्ञान, द्वितीय में इंटर में गणित व जीव विज्ञान की परीक्षा में केंद्रों की जांच के लिए बोर्ड सचिव दिब्यकांत शुक्ला ने दो टीम गठित की। एक टीम का नेतृत्व उन्होंने स्वयं किया। दोनों टीमों ने प्रयागराज के सात केंद्रों का निरीक्षण किया। इन केंद्रों पर कक्ष निरीक्षकों के पास परिचय पत्र नहीं मिला। कुल आठ कक्ष निरीक्षकों के पास क्यूआर कोड वाला परिचय पत्र नहीं था।
सचिव ने चौधरी महराजदीन इंटर कॉलेज होलागढ़ के पांच कक्ष निरीक्षक एवं केंद्र व्यवस्थापक, शिवाजी इंटर कॉलेज होलागढ़ के केंद्र व्यवस्थापक, सुमेरादेवी पटेल इंटर कॉलेज लालगोपालगंज के दो कक्ष निरीक्षक एवं केंद्र व्यस्थापक, हीरालाल पटेल इंटर कॉलेज नवाबगंज के केंद्र व्यस्थापक व भोलानाथ रामसुख पटेल इंटर कॉलेज दहियावां के एक कक्ष निरीक्षक, केंद्र व्यस्थापक व बाह्य केंद्र व्यस्थापक को हटाने के निर्देश दिए हैं।
सवा दो लाख से अधिक परीक्षार्थी रहे गैरहाजिर
बृहस्पतिवार को हाईस्कूल विज्ञान एवं इंटर गणित व जीव विज्ञान की परीक्षा में 2.42 लाख परीक्षार्थी गैरहाजिर रहे। प्रदेश में प्रथम पाली में 8273 परीक्षा केंद्रों पर हाईस्कूल गणित एवं इंटर में वाणिज्य वर्ग की परीक्षा थी। इसमें 29,95,736 पंजीकृत थे। इनमें से 1,71,366 परीक्षार्थी केंद्र तक नहीं पहुंचे। इसी प्रकार द्वितीय पाली में इंटर गणित व जीव विज्ञान और गणित कृषि की परीक्षा 7997 परीक्षा केंद्रों पर हुई। इसमें 16,13,591 पंजीकृत परीक्षार्थियों में 71,202 गैरहाजिर रहे। दोनों पालियों में 2,42,568 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
आज हाईस्कूल एवं इंटर में मानव विज्ञान की परीक्षा
यूपी बोर्ड में शुक्रवार को प्रथम पाली हाईस्कूल में मानव विज्ञान व इंटर में भाषा की परीक्षा होगी। इसी प्रकार द्वितीय पाली में हाईस्कूल में एनसीसी व इंटर में मानव विज्ञान की परीक्षाएं आयोजित होगी।