Prayagraj : सिविल लाइंस में बहुमंजिला इमारत में लगी आग, कंप्यूटर, प्रिंटर सहित लाखों का माल खाक
नवाब युसुफ रोड पर रेलवे कॉलोनी के सामने बहुमंजिला इमारत बिहारी भवन है। इसमें कंप्यूटर एसेसरीज और आटो पार्ट सहित कई दुकाने हैं। बुधवार को सुबह अचानक आग लग गई। जब तक लोग कुछ समझ पाते आग की लपटें उठने लगीं।
विस्तार
सिविल लाइंस इलाके के नवाब युसुफ रोड पर स्थित बहुमंजिला इमारत में बुधवार को आग लग गई। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। जब तक लोग कुछ समझ पाते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया. इससे अफरातफरी मच गई। सूचना पाकर फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। जब तक आग पर काबू पाया जाता तब तक लाखों रुपये सामान जलकर राख हो चुका था।
सिविल लाइंस के बिहारी भवन में बारा के भेलाव गांव निवासी ज्ञानेंद्र सिंह कंप्यूटर एसेसरीज और रिपेयरिंग की दुकान चलाते हैं। हर रोज की तरह ज्ञानेंद्र कल रात करीब 8:30 बजे दुकान बंद करके घर चले गए। सुबह करीब 10 बजे आसपास के दुकानदारों ने भवन के दूसरी मंजिल से धुंआ उठने पर पहुंचे तो ज्ञानेंद्र की दुकान से धुएं का गुब्बार निकल रहा था। दुकान का शटर बंद था। लोगों ने पुलिस के साथ साथ दुकान मालिक के पास फोन कर घटना की जानकारी दी।
शार्ट सर्किट से आग लगने की संभावना
उसके बाद ज्ञानेंद्र ने अतरसुइया निवासी दुकान पर काम करने वाले मिस्त्री आनंद श्रीवास्तव के पास फोन कर दुकान पर पहुंचने के लिए कहा। जब आनंद श्रीवास्तव दुकान पर पहुंचे तो सब कुछ जलकर राख हो चुका था। फायर ब्रिगेड की टीम शटर के ऊपर से पानी डालकर आग को काबू में किया। आनंद श्रीवास्तव ने बताया कि उनकी दुकान में कंप्यूटर, प्रिंटर, सीपीयू समेत अन्य कंप्यूटर से संबंधित चीजों की रिपेयरिंग की जाती थी। आग से करीब 20 लाख रुपये के नुकसान होने की संभावना जताई है। शार्ट सर्किट से आग लगने की संभावना जताई जा रही है।