प्रयागराज : स्नातक एमएलसी चुनाव की मतदाता सूची में गड़बड़ी करने पर छह ऑपरेटरों पर एफआईआर
इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन-2026 की मतदाता सूची तैयार करने में लापरवाही बरतने के आरोप में छह ऑपरेटरों के खिलाफ कर्नलगंज थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है।
विस्तार
इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन-2026 की मतदाता सूची तैयार करने में लापरवाही बरतने के आरोप में छह ऑपरेटरों के खिलाफ कर्नलगंज थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है। जांच में मतदाता सूची में बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम और उनके पिता के नाम में गलतियां मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई। एसडीएम सदर की ओर से भेजे गए पत्र के आधार पर कर्नलगंज पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की।
जानकारी के मुताबिक, जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की ओर से 22 अक्तूबर को पत्र जारी कर इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची में दर्ज मतदाताओं के नामों में त्रुटियों की जानकारी दी गई थी। इसके बाद एसडीएम सदर एवं अतिरिक्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी ने मामले की जांच तहसीलदार सदर से कराई। तहसीलदार ने 22 अक्तूबर को अपनी जांच आख्या सौंप दी। इसमें बताया गया कि एमएलसी निर्वाचन-2026 की मतदाता सूची में बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम, पिता के नाम आदि गलत प्रिंट किए गए हैं।
जांच रिपोर्ट में निर्वाचन नामावली तैयार करने के काम में लगे ऑपरेटरों की जिम्मेदारी भी तय की गई। इसमें वीआरसी ऑपरेटर उमेश चंद्र शर्मा और मनुकुमारी के नाम शामिल हैं। इसके अलावा उत्तरी विधानसभा क्षेत्र-262 में तैनात अमित कुमार और अमन सिंह व विधानसभा क्षेत्र-263 में अंकित कुमार मिश्रा और शशि कुमार के नाम भी दर्ज हैं। इन सभी पर निर्वाचन नामावली तैयार करने के दौरान अपने दायित्वों का समुचित निर्वहन नहीं करने का आरोप है। कर्नलगंज पुलिस का कहना है कि मामले में एफआईआर दर्ज की गई है, जांच की जा रही है।