{"_id":"6a58c3e92bc49581160eb1be","slug":"ethanol-tanker-tyre-bursts-leakage-on-the-road-causes-chaos-2026-07-16","type":"story","status":"publish","title_hn":"Prayagraj : एथेनॉल टैंकर का टायर फटा, सड़क पर रिसाव से अफरातफरी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Prayagraj : एथेनॉल टैंकर का टायर फटा, सड़क पर रिसाव से अफरातफरी
Thu, 16 Jul 2026 05:13 PM IST
विनोद सिंह
अमर उजाला नेटवर्क, प्रयागराज
अमर उजाला नेटवर्क, प्रयागराज
Published by: विनोद सिंह
Updated Thu, 16 Jul 2026 05:13 PM IST
सार
हंडिया थाना क्षेत्र के चकमदा गांव के सामने हाईवे पर मंगलवार देर रात एक एथेनॉल टैंकर का टायर फट गया। इससे टैंकर के एक चैंबर में छेद हो गया और तेज धार से एथेनॉल सड़क पर बहने लगा।
विज्ञापन
विस्तार
हंडिया थाना क्षेत्र के चकमदा गांव के सामने हाईवे पर मंगलवार देर रात एक एथेनॉल टैंकर का टायर फट गया। इससे टैंकर के एक चैंबर में छेद हो गया और तेज धार से एथेनॉल सड़क पर बहने लगा। अत्यधिक ज्वलनशील पदार्थ होने के कारण मौके पर अफरातफरी मच गई। लखीमपुर खीरी के थाना मोहम्मदी क्षेत्र निवासी चालक अरुण कुमार मिर्जापुर से प्रयागराज जा रहा था। वह टैंकर के 6 चैंबरों में 40 हजार लीटर एथेनॉल भरकर जा रहा था। देर रात करीब दो बजे चकमदा गांव के सामने हाईवे पर टैंकर का एक टायर अचानक फट गया। चालक ने टैंकर को साइड में खड़ा किया तो देखा कि पहिये का मडगार्ड टूटा है। यह मडगार्ड टैंकर के एक चैंबर से टकराकर उसमें छेद कर चुका था।
विज्ञापन
चालक से घटना की जानकारी मिलते ही हंडिया पुलिस, पीआरबी 112 और दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने तत्काल सड़क पर फैले एथेनॉल को नाले में बहाना शुरू किया। चालक अरुण कुमार ने बताया कि चैंबर से गिर रहे एथेनॉल का रिसाव रोकना मुश्किल था। दमकलकर्मियों के सहयोग से करीब 10 घंटे बाद चैंबर खाली किया गया। इसके बाद दोपहर 12 बजे टैंकर प्रयागराज के लिए रवाना हुआ। चालक ने बताया कि घटना की जानकारी राष्ट्रीय राजमार्ग के हेल्पलाइन नंबर पर भी दी गई थी। हालांकि, उनकी कोई टीम मौके पर नहीं पहुंची। पुलिस और दमकल कर्मियों के सहयोग से हादसा टल गया।
विज्ञापन