प्रयागराज : हार्वेस्टर की चपेट में आने से वृद्ध की मौत, घर के सामने हुआ हादसा
घर के सामने खड़े एक वृद्ध को तेज रफ्तार हार्वेस्टर ने ऐसा रौंदा कि उन्हें संभलने तक का मौका नहीं मिला। हादसे में 62 वर्षीय रणजीत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। आंखों के सामने परिवार के मुखिया की दर्दनाक मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। हादसे के बाद गांव में भी मातम छा गया।
विस्तार
खीरी थाना क्षेत्र के बघोल गांव में बृहस्पतिवार सुबह तेज रफ्तार हार्वेस्टर की चपेट में आने से एक वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही हार्वेस्टर को कब्जे में लेकर थाने पहुंचा दिया।
बघोल हरिहरपुर निवासी रणजीत सिंह (62) पुत्र रामानंद बृहस्पतिवार सुबह अपने घर के सामने खड़े थे। इसी दौरान नारीबारी की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे हार्वेस्टर ने उन्हें कुचल दिया। मौके पर मौजूद लोगों ने शोर मचाकर किसी तरह हार्वेस्टर को रुकवाया। घर के सामने ही हादसे में रणजीत सिंह की मौत से परिजनों में चीख-पुकार मच गई। घटना से मौके पर मौजूद लोग भी स्तब्ध रह गए।
मृतक अपने पीछे तीन बेटे और दो बेटियों का परिवार छोड़ गए हैं। हादसे से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। थानाध्यक्ष खीरी वीर प्रताप सिंह ने बताया कि हार्वेस्टर बिहार के रोहतास जिले का है और यहां धान की कटाई के लिए आया था। मृतक के भाई अमरनाथ की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
