आयुष्मान खुराना की डॉक्टर जी फिल्म की शूटिंग के दौरान इलाहाबाद विश्वविद्यालय में भारी हंगामा
फिल्म डाक्टरजी की शूटिंग के दौरान इलाहाबाद यूनिवर्सिटी में जमकर हंगामा हो गया। अनुभूति कश्यप निर्देशित इस फिल्म की शूटिंग का विश्वविद्यालय में शुरू से ही विरोध चल रहा है।
विस्तार
इलाहाबाद विश्वविद्यालय में चल रही ‘डॉक्टर जी’ फिल्म की शूटिंग के दौरान हंगामा हो गया। फिल्म के लीड एक्टर आयुष्यमान खुराना संग सेल्फी लेने की कोशिश कर रहे तीन छात्रों को उनके बाउंसर ने धक्का दे दिया। जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में जुटे छात्रों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। जिस पर कर्नलगंज के साथ ही कई थानों की फोर्स बुला ली गई। बाउंसर के माफी मांगने पर छात्र शांत हुए और तब जाकर मामला ठंडा हुआ।
फिल्म की शूटिंग पिछले कई दिनों से इलाहाबाद विश्वविद्यालय समेत शहर के अलग-अलग स्थानों पर चल रही है। जिसके लिए आयुष्यमान खुराना समेत तमाम क्रू मेंबर शहर में ठहरे हुए हैं। शुक्रवार शाम इविवि में अंग्रेजी विभाग के पास शूटिंग चल रही थी। इसी दौरान विवि के ही कुछ छात्र भी शूटिंग देखने पहुंचे थे। शूटिंग के दौरान ही अनुराग भदौरिया समेत दो छात्रों ने आयुष्यमान संग सेल्फी लेने की कोशिश की। आरोप है कि उन्हें एक्टर के बाउंसर ने धक्का दे दिया और अपशब्दों का भी प्रयोग किया।
जानकारी पर सीओ अजीत सिंह चौहान पहुंचे और उन्होंने छात्रों को समझाया। साथ ही शूटिंग क्रूसे भी बात की जिस पर बाउंसर ने अपने व्यवहार के लिए छात्रों से खेद प्रकट किया। इसके बाद छात्र शांत हुए और तब जाकर मामला पुलिस ने राहत की सांस ली। सीओ कर्नलगंज अजीत सिंह चौहान ने बताया कि छात्र धक्कामुक्की का आरोप लगा रहे थे जिस पर बाउंसर ने माफी मांग ली। इसके बाद छात्र वापस चले गए। किसी पक्ष की ओर से कोई शिकायत नहीं मिली है।