जिला अधिवक्ता संघ चुनाव: कड़ाके की ठंड में भी जमकर हुआ मतदान, 114 प्रत्याशियों के भाग्य मतपेटियों में बंद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जिला अधिवक्ता संघ चुनाव के लिए सोमवार को हुए मतदान में कड़ाके की ठंड के बावजूद वकीलों ने जमकर मतदान किया। संघ की 18 सदस्यीय कार्यकारिणी के लिए 4048 सदस्यों में 2930 मतदाताओं ने किया। मतदान का आंकड़ा करीब 72 प्रतिशत रहा। चुनाव मैदान में कुल 114 प्रत्याशी हैं, जिनके भाग्य मतपेटियों में बंद हो गए हैं। मतगणना मंगलवार सुबह नौ बजे से कलेक्ट्रेट स्थित संगम सभागार में होगी। देर शाम तक परिणाम आ जाने की उम्मीद है। मतदान के दौरान अव्यवस्था के चलते एल्डर कमेटी के सदस्य सहित मतदान में सहयोग कर रहे लगभग 70 अधिवक्ता मतदान करने से वंचित रह गए । मतदान लगभग साढ़े चार बजे समाप्त करने की घोषणा की गई और मत पेटिका कड़ी सुरक्षा में कोषागार स्थित स्ट्रांग रूम में रखी गई है।
सोमवार को मतदान तय समय सुबह नौ से लगभग एक घंटा देर से दस बजे से प्रारंभ हुआ। शुरूआत में मतदान धीमा रहा। ठंड और कोहरे के कारण गंगापार और यमुनापार क्षेत्रों से आने वाले बहुत से अधिवक्ता विलंब से कचहरी पहुंचे। दोपहर तक मतदान की गति धीमी रही। दोपहर के बाद अचानक भीड़ बढ़ गई और मतदान के लिए लंबी लंबी कतारें लग गई थीं। चुनाव अधिकारी के निर्देश पर 4:15 बजे के बाद मत पर्ची जारी करना बंद कर दिया गया। जो लोग पर्ची कटवाकर लाइन में लग गए थे, सिर्फ उन्हीं को मतदान की इजाजत दी गई। मतदान लगभग 4:45 बजे तक हुआ।
चुनाव का संचालन चुनाव अधिकारी के अतिरिक्त एल्डर कमेटी के सदस्य कृष्ण बिहारी तिवारी, उमाशंकर तिवारी, धारा सिंह, अखिलेश झा, पूर्व अध्यक्ष विनोद चंद्र दुबे, सीताराम सिंह, भगवत प्रसाद पांडे, संघ के अध्यक्ष हरि सागर मिश्रा, मंत्री राकेश दुबे, वरिष्ठ अधिवक्ता सूबेदार सिंह, कमलेश चतुर्वेदी, रामचंद्र शर्मा, विजय सिंह गौर सहित अन्य अधिवक्ताओं ने चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। चुनाव के दौरान अपर जिलाधिकारी नगर, एसपी सिटी और पुलिस के अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करते रहे ।