प्रयागराज। इलाहाबाद बैंक की बांका जलालपुर शाखा के वरिष्ठ प्रबंधक अनिल कुमार दोहरे के हत्यारों की गिरफ्तारी नहीं होने से अफसरों और कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। आल इंडिया इलाहाबाद बैंक ऑफिसर्स फेडरेशन, आल इंडिया इलाहाबाद बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन तथा इलाहाबाद बैंक स्टाफ एसोसिएशन की मंगलवार को सिविल लाइंस शाखा में हुई संयुक्त बैठक में अफसरों और कर्मचारियों ने जल्द गिरफ्तारी न होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी। बैठक के बाद बैंक कर्मियों ने प्रदर्शन भी किया। हाथ में तख्ती लिए बैंक कर्मियाें ने शाखाओं में सुरक्षा बढ़ाने की भी मांग की। बैठक और प्रदर्शन करने वालों में सुधीर गौड़, अजय श्रीवास्तव, संजय अग्रवाल, दिनेश चौबे, मदनजी उपाध्याय, घनश्याम सोनकर, सच्चिदानंद पांडेय, दीपक सिंह, अंकुर सिंह आदि शामिल रहे।