कसी नकेल : राज्य विवि के दर्जनों कॉलेजों की संबद्धता पर संकट, विश्वविद्यालय प्रशासन ने मांगे आवेदन
प्रयागराज, फतेहपुर, कौशाम्बी और प्रतापगढ़ में राज्य विवि से जुड़े 652 महाविद्यालय हैं। इनमें से 263 महाविद्यालय ऐसे हैं, जिनकी संबद्धता 2019-20 में ही समाप्त हो चुकी है। इनमें से 209 महाविद्यालयों ने संबद्धता के लिए ऑनलाइन आवेदन कर दिए हैं और उन्हें निरीक्षण मंडल भी उपलब्ध करा दिया गया है।
विस्तार
प्रो. राजेंद्र सिंह (रज्जू भइया) से जुड़े दर्जनों कॉलेजों की संबद्धता पर संकट मंडरा रहा है। इन्होंने संबद्धता के लिए अभी तक ऑनलाइन आवेदन नहीं किए हैं, जबकि आवेदन की अंतिम तिथि 20 अप्रैल निर्धारित है। जो महाविद्यालय संबद्धता के लिए आवेदन नहीं करेंगे, वहां नए प्रवेश लेने पर भी रोक लगा दी जाएगी और संबंधित कॉलेज में ताला लगने की नौबत आ जाएगी। उन महाविद्यालयों को भी 20 अप्रैल तक आवेदन करने हैं जो सत्र 2022-23 में नए पाठ्यक्रम शुरू करना चाहते हैं। नई संबद्धता के लिए विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार एसके शुक्ल की ओर से कार्यालय आदेश जारी किया गया है।
प्रयागराज, फतेहपुर, कौशाम्बी और प्रतापगढ़ में राज्य विवि से जुड़े 652 महाविद्यालय हैं। इनमें से 263 महाविद्यालय ऐसे हैं, जिनकी संबद्धता 2019-20 में ही समाप्त हो चुकी है। इनमें से 209 महाविद्यालयों ने संबद्धता के लिए ऑनलाइन आवेदन कर दिए हैं और उन्हें निरीक्षण मंडल भी उपलब्ध करा दिया गया है, जबकि 54 महाविद्यालयों ने अभी आवेदन नहीं किए हैं। अगर इन महाविद्यालयों ने 20 अप्रैल तक आवेदन किए तो इनके अस्तित्व पर ही संकट आ जाएगा और महाविद्यालय नए सत्र में प्रवेश नहीं ले सकेंगे। आवेदन के वक्त महाविद्यालयों को यह भी सुनिश्चित करना है कि वे सभी मानकों को पूरा कर रहें हैं।
कार्य परिषद की बैठक में लिया जाएगा निर्णय
निरीक्षण मंडल कॉलेजों को भ्रमण कर अपनी रिपोर्ट विश्वविद्यालय प्रशासन को सौंपेगा और इसके बाद कार्य परिषद की बैठक में महाविद्यालयों की संबद्धता पर निर्णय लिया जाएगा। इसके अलावा संबद्धता के लिए उन कॉलेजों को भी ऑनलाइन आवेदन करने हैं, जिन्हें नया अनापत्ति प्रमाणपत्र मिला है।
ऐसे महाविद्यालयों की संबद्धता होने के बाद ही वहां नए पाठ्यक्रम शुरू करने की मंजूरी दी जाएगी। कई पुराने कॉलेज भी हैं, जिनकी संबद्धता 30 जून 2022 को समाप्त हो रही है। ऐसे कॉलेजों को भी 20 अप्रैल तक आवेदन करना है, वरना 30 जून के बाद उनकी संबद्धता भी समाप्त हो जाएगी।
संबद्धता के लिए नई समय सारिणी जारी
निरीक्षण मंडल के गठन के लिए 20 अप्रैल तक होंगे आवेदन
निरीक्षण मंडल का गठन 30 अप्रैल तक कर लिया जाएगा
निरीक्षण मंडल 14 मई तक निरीक्षण आख्या प्रस्तुत करेगा
विश्वविद्यालय 20 मई तक ऑनलाइन संबद्धता प्रदान करेगा
संबंधित कॉलेज 30 मई तक शासन में अपील कर सकेंगे
शासन स्तर पर 15 जून तक अपील निस्तारित की जाएगी