विभूति एक्सप्रेस पर पथराव, इंजन क्षतिग्रस्त, ड्राइवर जख्मी
इलाहाबाद सिटी (रामबाग) से हावड़ा के लिए दोपहर बाद 3.40 बजे रवाना होकर विभूति एक्सप्रेस 4.38 बजे भीटी स्टेशन के निकट पहुंची तभी पटरी किनारे खड़े कुछ युवकों ने इंजन पर पथराव कर दिया। पत्थर लगने से इंजन का लुकिंग ग्लास टूट (कांच) टूट गया। कांच लगने से मुख्य लोको पायलट राजेश कुमार की नाक पर चोट पहुंची। ट्रेन इलाहाबाद से रवाना होकर भदोही के ज्ञानपुर स्टेशन पर ही रुकती है, लेकिन पथराव में इंजन क्षतिग्रस्त होने की वजह से ट्रेन को भीटी स्टेशन पर रोककर लोको पायलट राजेश ने स्टेशन मास्टर राजमणि यादव को मेमो के जरिए घटना की जानकारी दी।
इसके बाद रामबाग स्टेशन पर खड़ी एक मालगाड़ी का इंजन मौके पर भेजा गया। तब करीब डेढ़ घंटे बाद विभूति एक्सप्रेस का इंजन बदलकर उसे हावड़ा के लिए रवाना किया गया। स्टेशन मास्टर ने इस घटना की जानकारी जीआरपी और आरपीएफ को दी है। पहले भी भीटी के आसपास ट्रेनों पर पथराव किए जाने से यात्रियों को चोट पहुंच चुकी है। इस बारे में एनईआर के पीआरओ अशोक कुमार का कहना है कि ट्रैक किनारे कुछ लड़कों के इंजन में पत्थर फेंकने की वजह से उसका लुकिंग ग्लास टूट गया। ड्राइवर के घायल होने की जानकारी नहीं है। उन्होंने बताया कि इंजन इसलिए बदला गया क्योंकि सामने का ग्लास टूट जाने की वजह से तेज हवा के चलते ट्रेन चलाना संभव नहीं था।