प्रयागराज : कार के चपेट में आने से बाइक सवार छात्र की मौत, चचेरा भाई घायल
कस्बे के हंडिया-जंघई मार्ग पर बृहस्पतिवार दोपहर तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पीछे बैठा चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया।
विस्तार
कस्बे के हंडिया-जंघई मार्ग पर बृहस्पतिवार दोपहर तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पीछे बैठा चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने कार सहित चालक को हिरासत में ले लिया है। हंडिया के अमोरा (कपिसान) गांव निवासी जयप्रकाश मिश्र का इकलौता बेटा रजत (19) स्थानीय कॉलेज में बीए प्रथम वर्ष का छात्र था। बृहस्पतिवार को वह अपने चचेरे भाई ऋषभ उर्फ महाबली (14) के साथ बाइक से सियाडीह हंडिया में रिश्तेदारी के लिए घर से निकला था।
दोपहर लगभग 12:30 बजे दोनों हंडिया के जंघई मार्ग पर पहुंचे कि सामने से तेज रफ्तार से आ रही कार की चपेट में आ गए। जोरदार टक्कर से बाइक सहित दोनों सड़क पर दूर जा गिरे। गंभीर रूप से घायल बाइक चालक रजत की मौके पर ही मौत हो गई। पीछे बैठा चचेरा भाई ऋषभ उर्फ महाबली गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आसपास के लोगों और राहगीरों की भीड़ जुट गई। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने कार सहित चालक को हिरासत में ले लिया। जानकारी मिलते ही परिजन भी पहुंच गए। गंभीर रूप से घायल ऋषभ को शहर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया। कोतवाल ओमप्रकाश ने बताया कि प्राथमिक की दर्ज करके कार्रवाई की जा रही है।
बुझ गया परिवार का चिराग, टूटा दुखों का पहाड़
इकलौते बेटे की मौत से परिवार का चिराग बुझ गया। वह दो बहन अंजली(21) और एकता(17) में अकेला भाई था। बेटे की मौत की खबर सुनते ही बिलखती माता नीलम बेसुध हो गई। इस हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
जानवर को बचाने में अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर पलटने से चालक की मौत
हंडिया थाना क्षेत्र के रावतपुर मानिकपुर गांव के पास बृहस्पतिवार की भोर में अचानक सड़क पार कर रहे एक जानवर को बचाने में अनियंत्रित होकर ट्रॉली सहित ट्रैक्टर पलट गया जिससे गंभीर रूप से घायल चालक की अस्पताल में मौत हो गई। हंडिया थाना क्षेत्र के भिदिउरा बमैला गांव निवासी अशोककुमार हरिजन का बेटा आकाशकुमार (23) गांव के ही एक ट्रैक्टर स्वामी का ट्रैक्टर चालक था। बृहस्पतिवार की भोर में 5 बजे के करीब वह ट्रैक्टर लेकर रावतपुर (मानिकपुर) गांव के सामने से होकर गुजर रहा था।
अचानक सड़क पर आए जानवर को बचाने में ट्रैक्टर पलट गया। आसपास के लोगों द्वारा घटना की जानकारी ट्रैक्टर मालिक को दी गई। मौके पर पहुंचे ट्रैक्टर स्वामी द्वारा घटना तथा चालक को अस्पताल ले जाने की जानकारी उसके परिवार को दी गई।गंभीर रूप से घायल चालक आकाश की इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। कोतवाल ओमप्रकाश ने बताया कि पिता की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज करके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और विधिक कार्रवाई की जा रही है।