किसान को पीट-पीटकर मार डाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कोरांव के भगतपुर का किसान रवींद्र सिंह बृहस्पतिवार रात लगभग दस बजे पड़ोस के गांव भोगनपुर में देसी शराब के ठेके पर गया था। वहां लौवाकोन का शिवाकांत पांडेय, भोगनपुर ग्राम प्रधान का भतीजा ब्रजेश पटेल और जयसंत पटेल बैठकर शराब पी रहे थे। शराब के नशे में धुत्त शिवाकांत गालीगलौज कर रहा था। रवींद्र सिंह को बुरा लगा तो उसने शिवाकांत को टोक दिया। दोनों में बहस हुई तो रवींद्र सिंह वहां से घर आया और चाचा के लड़के सुन्नू सिंह को लेकर दोबारा ठेके पर गया। तब दोनों पक्षों में जमकर विवाद हो गया।
रवींद्र जब ठेके के बाहर पेशाब करने आया तभी पीछे से आए शिवाकांत, ब्रजेश और जयसंत ने उस पर लोहे की रॉड और डंडों से हमला कर दिया। रवींद्र को भागने का मौका भी नहीं मिला। हल्ला सुनकर सन्नू सिंह पहुंचा तब तक हमलावर भाग चुके थे। रवींद्र खून से लथपथ पड़ा था, उसके सिर पर रॉड लगी थी। सीएचसी कोरांव ले जाते समय रविंद्र की मौत हो गई। पुलिस ने बृहस्पतिवार सुबह रवींद्र के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रात लगभग डेढ़ बजे हुई घटना के बाद सन्नू सिंह घायल रवींद्र को एक डॉक्टर के पास ले गया, लेकिन हालत नाजुक देखकर उसे सीएचसी कोरांव भेज दिया गया। रवींद्र ने घटना की सूचना बड़ोखर चौकी के एक सिपाही को दी।सिपाही ने यह कर पल्ला झाड़ लिया कि थाने जाओ। वहीं रिपोर्ट लिखी जाएगी।
रविंद्र सिंह की हत्या में शिवाकांत पांडेय, ब्रजेश पटेल और जयसंत पटेल के खिलाफ मुकदमा लिखा गया है। बताया जाता है कि तीनों गांव के दबंग हैं। रात में हत्या की खबर पाकर सीओ मेजा जीतेंद्र दुबे, एसओ कोरांव आदित्य कुमार सिंह और आसपास के थाना प्रभारी पहुंच गए। आरोपियों की तलाश में दबिश दी गई, लेकिन वे नहीं मिले।
भोगनपुर स्थित देसी शराब के ठेके पर आए दिन मारपीट की घटना होती है। यहां रातभर शराब बेची जाती है। इतना ही नहीं ठेके पर आने वाले ग्राहकों को बैठकर शराब पीने का भी इंतजाम रहता है। इससे कोरांव पुलिस भी अंजान नहीं है, लेकिन पुलिस सबकुछ जानते हुए भी चुप है।
रवींद्र सिंह की हत्या से उसका परिवार बिखर गया। पत्नी रमा सिंह और तीन बच्चे बेसहारा हो गए। रमा के सामने अब दो लड़कों और एक बेटी को पालने का संकट खड़ा हो गया है। पति की मौत से वह बेसुध हो गई है। रवींद्र चार भाइयों में तीसरे नंबर का था। उसके पिता की मौत हो चुकी है।