प्रयागराज : ढोल नगाड़े के साथ हुआ देश की दूसरी स्लीपर वंदे भारत का स्वागत, बनारस मेमू को भी दिखाई गई हरी झंडी
भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को संगम नगरी में ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच देश की दूसरी स्लीपर वंदे भारत ट्रेन का प्रयागराज जंक्शन पर स्वागत किया गया।
विस्तार
भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को संगम नगरी में ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच देश की दूसरी स्लीपर वंदे भारत ट्रेन का प्रयागराज जंक्शन पर स्वागत किया गया। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी और अन्य विशिष्ट अतिथियों ने शाम 6.58 बजे हरी झंडी दिखाकर इसे कानपुर की ओर रवाना किया। इसके साथ ही, रामबाग स्टेशन से प्रयागराज रामबाग-बनारस फास्ट मेमू ट्रेन का भी शुभारंभ किया गया।
रामबाग स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से वाराणसी–प्रयागराज रामबाग मेमू ट्रेन सेवा का वर्चुअली लोकार्पण किया। इसके बाद यहां उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी और विधायक हर्षवर्धन वाजपेयी ने मेमू ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। वहीं, प्रयागराज जंक्शन पर आयोजित समारोह में डिप्टी सीएम केशव और नंदी के साथ मेयर गणेश केसरवानी, विधायक दीपक पटेल, एमएलसी सुरेंद्र चौधरी, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीके सिंह और डीआरएम प्रयागराज रजनीश अग्रवाल ने वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को कानपुर के रास्ते आगे के लिए रवाना किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने इस दिन को ऐतिहासिक करार दिया। कहा मेमू सेवा शुरू होने से प्रयागराज और वाराणसी के बीच रोजाना आने-जाने वाले विद्यार्थियों, अधिवक्ताओं, व्यापारियों और नौकरीपेशा आम नागरिकों को भारी सहूलियत होगी। अब लोग सुबह अपने कार्यों से दूसरे शहर जाकर शाम को आसानी से वापस लौट सकेंगे, जिससे उनके समय और धन दोनों की बड़ी बचत होगी।
इस अवसर पर अपने विचार रखते हुए औद्योगिक विकास मंत्री नंदी ने कहा कि प्रयागराज और काशी के बीच मेमू ट्रेन का संचालन दोनों पवित्र धर्मनगरियों के बीच की दूरियों को पाटने और आपसी संबंधों को प्रगाढ़ करने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगा। कार्यक्रम के अंत में मंत्री नंदी ने जंक्शन पर विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। कार्यक्रम में शहर उत्तरी के विधायक हर्षवर्धन वाजपेई, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीके सिंह, एडीआरएम अजय सिंह, सीनियर डीसीएम हरिमोहन, राजेंद्र मिश्र, सुबोध सिंह, आशीष गुप्ता, शिवेंद्र मिश्रा, मृत्युंजय तिवारी, राजेश केसरवानी, रमेश मिश्रा, सुशील खरबंदा, विवेक जायसवाल, विनय मिश्रा, रवि केसरवानी आदि मौजूद रहे।