SSC : प्रतियोगियों से करेगा ऑनलाइन पूछताछ करेगा आयोग, परीक्षा में अनुचित कार्य पर बुलाए जाते हैं अभ्यर्थी
कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) की परीक्षाओं में नकल करते या अन्य तरह की गलत गतिविधियों में पकड़े जाने पर अभ्यर्थियों को कार्यालय नहीं बुलाया जाएगा। उनसे ऑनलाइन ही पूछताछ की जाएगी।
विस्तार
कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) की परीक्षाओं में नकल करते या अन्य तरह की गलत गतिविधियों में पकड़े जाने पर अभ्यर्थियों को कार्यालय नहीं बुलाया जाएगा। उनसे ऑनलाइन ही पूछताछ की जाएगी। इसके लिए आयोग कार्यालय में कॉन्फ्रेंस रूम की व्यवस्था की गई है।
आयोग की भर्ती परीक्षाओं में निगरानी के लिए एआई का इस्तेमाल किया जाने लगा है। इसकी मदद से परीक्षा कक्ष में अभ्यर्थी की हर हरकत पर नजर रखी जा रही है। ऐसे में किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर अभ्यर्थी को चेतावनी वाली श्रेणी में डाल दिया जाता है। नकल करने की आशंका, बायोमीट्रिक या आधार कार्ड आधारित पहचान के दौरान फोटो या चेहरे का मिलान न होने पर भी अभ्यर्थी को संदिग्ध की सूची में डाल दिया जाता है। आयोग ने कई अन्य मानक भी तय कर रखे हैं जिस आधार पर अभ्यर्थियों को संदिग्ध की सूची में रखा जाता है।
इन अभ्यर्थियों को डिबार किए जाने या अन्य किसी तरह की कार्रवाई से पहले इनसे पूछताछ की जाती है। इस दौरान इन्हें अपना पक्ष रखने का भी मौका दिया जाता है। अभी इसके लिए अभ्यर्थियों को आयोग कार्यालय बुलाया जाता है। इससे अभ्यर्थियों को समय के साथ आर्थिक समस्या से भी जूझना पड़ता है। कई बार अभ्यर्थी समय से कार्यालय पहुंच ही नहीं पाते और उनके खिलाफ कार्रवाई हो जाती है लेकिन जांच में वे निर्दोष पाए जाते हैं।
इस तरह की समस्याओं को देखते हुए आयोग की ओर से अब अभ्यर्थियों से ऑनलाइन पूछताछ करने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए आयोग कार्यालय में कॉन्फ्रेंस रूम बनाए जाने के साथ अन्य तैयारी की जा रही है। इससे अभ्यर्थियों को राहत तो मिलेगी ही, जांच प्रक्रिया भी अपेक्षाकृत जल्दी पूरी हो जाएगी।
मध्य क्षेत्र से होगी शुरुआत
अभ्यर्थियों से ऑनलाइन पूछताछ की शुरुआत प्रयागराज स्थित आयोग के मध्य क्षेत्र से होगी। एक महीने में इसकी शुरुआत होने की उम्मीद है। इसके लिए जरूरी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। यहां प्रयोग सफल होने के बाद अन्य क्षेत्रों में भी इस व्यवस्था को लागू किया जाएगा।
संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त पाए गए अभ्यर्थियों को पूछताछ या उनका पक्ष जानने के लिए अब कार्यालय नहीं बुलाया जाएगा। उनसे ऑनलाइन पूछताछ की जाएगी। इसके लिए कार्यालय में जरूरी तैयारी की जा रही है। जल्द ही यह व्यवस्था लागू की जाएगी। इससे अभ्यर्थियों की परेशानी तो कम होगी ही आयोग को भी जांच की प्रक्रिया पूरी करने में सुविधा होगी। - आशीष श्रीवास्तव, क्षेत्रीय निदेशक