सीएम योगी प्रयागराज में गरजे : कर्फ्यू न दंगा यूपी में सब चंगा, फिर दोहराया- बंटोगे तो कटोगे
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भाजपा के लिए चुनाव सेवा का एक मिशन है जबकि सपा और बसपा के लिए चुनाव एक व्यवसाय है। चुनाव जीतने के बाद इन्हें अपने काले कारनामों को अंजाम देने, जनता का शोषण करने. दंगा और कर्फ्यू लगाने का सर्टिफिकेट मिल जाता है।
विस्तार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भाजपा के लिए चुनाव सेवा का एक मिशन है जबकि सपा और बसपा के लिए चुनाव एक व्यवसाय है। अपने काले कारनामों को अंजाम देने, जनता का शोषण करने, कर्फ्यू और दंगा करने, लूट-घसोट और भ्रष्टाचार का सर्टिफिकेट है इनके लिए। इसलिए चुनाव में इन लोगों की जमानत जब्त कराना जरूरी है। कहा कि पूजा पाल और जया पाल दोनों मंच पर मौजूद हैं। इनके साथ क्या हुआ है बताने की जरूरत नहीं है। योगी आदित्यनाथ शनिवार को फूलपुर विधानसभा क्षेत्र के सहसों में भाजपा प्रत्याशी दीपक पटेल के लिए वोट मांगने पहुंचे थे।
सीएम योगी ने कहा कि गुंडे, माफिया, अपराधी और अराजकतत्व सपा के गले की हार हैं। आपराधिक कृत्य से ही उनकी आजीविका चलती है। सुचिता पूर्ण परीक्षा सपा को रास नहीं आती है। कहा कि किसी भी युवा के भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा। आयोग और चयन बोर्ड इसके लिए कार्य कर रहा है।
प्रयागराज की इस धरती पर भगवान बेणी माधव, गंगा, यमुना सरस्वती, भरद्वाज मुनि की विशेष कृपा है। समाजवादी पार्टी बांटने की राजनीति कर रही है। समाज को बांटने वाले देश के दुश्मन से कम नहीं हैं। अयोध्या में पांच सौ सालों का इंतजार बंटने के कारण ही झेलना पड़ा। इसी तरह काशी और मथुरा में भी बंटने के कारण अपमान झेलना पड़ा। बंटना नहीं है। बंटोगे तो कटोगे।
बिना भेदभाव के दिया जा रहा है लाभ
सीएम योगी ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्रों को बिना किसी भेदभाव के दिया जा रहा है। इसको लेकर भी सपा को पीड़ा हो रही है। समाजवादी पार्टी लोगों को बांटने का कार्य कर रही है। सपा शासन में रोज कोई न कोई नया घोटाला होता था। विकास कार्यों से उन लोगों का कोई लेना देना नहीं था। भाजपा के साढ़े सात साल के शासन में हर वर्ग को सुविधाओं का लाभ मिल रहा है। उज्ज्वला योजना, मुफ्त बिजली कनेक्शन, मुफ्त गैस सिलिंडर, मुफ्त खाद्यान्न योजना, विधवा, वृद्ध और दिव्यांग पेंशन हो या फिर शौचालय और बिजली बिल माफ करने की योजना हो सबका लाभ बिना किसी भेदभाव के जनता को दिया जा रहा है।
गंगा एक्सप्रेस वे से कम हो जाएगी मेरठ की दूरी
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पूर्वी उत्तर प्रदेश को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ से जोड़ने वाला गंगा एक्सप्रेस वे हाईवे प्रयागराज से होकर गुजर रहा है। इसके माध्यम से पांच से छह घंटे में प्रयागराज से मेरठ पहुंच सकते हैं और वहां से कुछ ही देर में दिल्ली पहुंच जाएंगे।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.