Prayagraj : चंद्रशेखर आजाद पार्क के हर गेट पर लगेंगे सीसीटीवी कैमरे व स्कैनर, बैठक में बनी सहमति
चंद्रशेखर आजाद पार्क के हर प्रवेश द्वार पर सीसीटीवी कैमरे और संदिग्ध वस्तुओं की जांच के लिए स्कैनर लगाए जाएंगे। डीएम मनीष कुमार वर्मा व संयुक्त निदेशक उद्यान डॉ. सर्वेश कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट के संगम सभागार में हुई बैठक में इस पर सहमति बनी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
चंद्रशेखर आजाद पार्क के हर प्रवेश द्वार पर सीसीटीवी कैमरे और संदिग्ध वस्तुओं की जांच के लिए स्कैनर लगाए जाएंगे। डीएम मनीष कुमार वर्मा व संयुक्त निदेशक उद्यान डॉ. सर्वेश कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट के संगम सभागार में हुई बैठक में इस पर सहमति बनी।
डीएम ने कहा कि इसके लिए अनुमानित बजट तैयार किया जाए और बजट का प्रस्ताव भेजकर प्रक्रिया तत्काल शुरू की जाए। पार्क से आवारा कुत्तों को पूरी तरह से बाहर किए जाने के नगर निगम को निर्देश दिए गए। साथ ही तय हुआ कि पूर्व में स्थापित ध्यान केंद्र को मीटिंग हाल के रूप में विकसित किया जाए और अगली बैठक ध्यान केंद्र में ही आयोजित की जाए।
इसके साथ ही तैनात होमगार्ड की संख्या को पूर्व की भांति 16 किए जाने और सही ढंग से ड्यूटी न करने वाले होमगार्ड को हटाए जाने के निर्देश दिए गए। बैठक के दौरान चंद्रशेखर आजाद पार्क के गेट नंबर-6 पर दो अतिरिक्त टिकट वितरक लगाए जाने की अनुमति प्रदान की गई। साथ ही कहा गया कि पार्क में स्थापित ईटिंग जोन में ही खाने-पीने की व्यवस्था की जाए व अन्य स्थलों पर खाने-पीने पर रोक लगाई जाए।
इसके साथ ही पार्क में पुलिस गश्त की समुचित व्यवस्था करने के लिए चौकी प्रभारी को निर्देश दिए गए। इलाहाबाद हाईकोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति राकेश कुमार ने कहा कि उच्च न्यायालय के पूर्व में दिए गए निर्णयों का अवलोकन कर लिया जाए और उसके अनुरूप ही कार्य कराए जाएं ताकि उच्च न्यायालय के निर्देशों का उल्लंघन न हो सके।
बैठक में सिटी मजिस्ट्रेट विनोद कुमार सिंह, नगर निगम के सहायक अभियंता गिरीश कुमार, सहायक कोषाधिकारी संजय मालवीय समकेत अवधेश गुप्ता, आनंद घिल्डियाल, प्रभा पुरवार, अशोक जैन, वीरेंद्र पाठक आदि उपस्थित रहे। बैठक का संचालन अधीक्षक/सचिव जिला उद्यान विकास समिति जगदीश प्रसाद ने किया।
टिकट के लिए ऑनलाइन भुगतान की होगी व्यवस्था
चंद्रशेखर आजाद पार्क में प्रवेश के लिए पांच रुपये का शुल्क निर्धारित है। फुटकर पैसे को लेकर टिकट काउंटर पर अक्सर किचकिच होती है। डीएम मनीष कुमार वर्मा ने निर्देश दिए कि प्रत्येक गेट पर क्यूआर कोड स्कैनर लगाया जाए जिससे ऑनलाइन भुगतान हो सके। डीएम ने निर्देश दिए कि झील लगे वाटर प्यूरीफायर को क्रियाशील किया जाए ताकि झील के पानी की सफाई हो सके। शौचालय की नियमित रूप से साफ-सफाई सुनिश्चित कराई जाए। पार्क में इधर-उधर कूड़ा एवं प्लास्टिक की बोतल फेंकने वालों पर जुर्माना लगाया जाए।