प्रतियोगी छात्रा की मौत का मामला: परिजनों का आरोप- संजना को प्रताड़ित करता था पड़ोसी किरायेदार
फतेहपुर के राधानगर के बदनपुर निवासी किराना स्टोर संचालक अशोक साहू के दो बेटियों में संजना बड़ी थी। मंगलवार को माता-पिता समेत परिवार के अन्य लोग और रिश्तेदार पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे थे। छोटी बहन शीलू ने बताया कि वह अपनी बड़ी बहन के साथ रहकर पढ़ाई करती थी।
विस्तार
धूमनगंज के सुगम बिहार कॉलोनी में किराये के कमरे में फंदे से लटकी मिली संजना साहू की मौत के मामले में मंगलवार को नया मोड़ आ गया। परिजनों ने पड़ोसी किरायेदार पर प्रताड़ित कर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है।
फतेहपुर के राधानगर के बदनपुर निवासी किराना स्टोर संचालक अशोक साहू के दो बेटियों में संजना बड़ी थी। मंगलवार को माता-पिता समेत परिवार के अन्य लोग और रिश्तेदार पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे थे। छोटी बहन शीलू ने बताया कि वह अपनी बड़ी बहन के साथ रहकर पढ़ाई करती थी। उसकी बहन एलएलबी कर रही थी। साथ ही सिविल परीक्षा की तैयारी भी कर रही थी। इस कमरे में आए हुए ढाई महीने ही हुए हैं।
आरोप है कि उसके बगल वाले कमरे में एक अभिषेक नाम का लड़का रहता है। उसी ने एक साल पहले उसकी बहन को चित्रकूट में पैसे लेकर डाक विभाग में नौकरी दिलवाई थी। शीलू का कहना था कि उसकी बहन को डाक विभाग में काम करने के लिए नहीं जाना होता था। उसके बाद कोई और वहां काम कर रहा था। इसके बदले उसे आधी सैलरी उसे देनी होती थी।
छोटी बहन का आरोप है कि अभिषेक इसी एहसान के बदले उसकी बहन पर हमेशा रौब दिखाता था और आए दिन उसके साथ गाली-गलौज कर मारपीट करता था। रविवार रात करीब साढ़े आठ बजे संजना से उसकी आखिरी बार फोन पर बातचीत हुई थी। उसने बताया कि वह यहां से कमरा खाली करके दूसरी जगह रहेगी। वजह पूछने पर बताई कि अभिषेक उसके साथ गाली-गलौज कर झगड़ा कर रहा है, जिसकी वजह से वह काफी परेशान है। इतना कहने के बाद फोन कट गया।
आईएएस बनना चाहती थी संजना
बहन ने बताया कि संजना आईएएस अधिकारी बनना चाहती थी। उसकी शादी तय हो गई थी। परिजनो का आरोप है कि अभिषेक के खिलाफ तहरीर देने पर भी पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया। उल्टा उसकी बहन पर ही इल्जाम लगाकर उन्हें शांत करा दिया गया। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने अंतिम संस्कार के लिए शव को अपने पैतृक गांव लेकर चले गए।