Prayagraj : मृतक प्रत्यूष के भाई ने दी तहरीर, पुलिस ने दर्ज किए नौ लोगों के बयान
वॉलीबाॅल के राष्ट्रीय खिलाड़ी प्रत्यूष राय की मौत के मामले में नया मोड़ सामने आया है। मामले में बिना सूचना के लापता होने पर क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी प्रेम कुमार ने प्रत्यूष को नोटिस जारी कर हॉस्टल में 10 फरवरी तक उपस्थित होने की चेतावनी दी थी।
विस्तार
वॉलीबाॅल के राष्ट्रीय खिलाड़ी प्रत्यूष राय की मौत के मामले में नया मोड़ सामने आया है। मामले में बिना सूचना के लापता होने पर क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी प्रेम कुमार ने प्रत्यूष को नोटिस जारी कर हॉस्टल में 10 फरवरी तक उपस्थित होने की चेतावनी दी थी। वहीं, दूसरी तरफ कर्नलगंज थाने में प्रत्यूष के भाई नितांत की तहरीर पर पुलिस टीम हॉस्टल पहुंचकर खिलाड़ियों समेत नौ लोगों के बयान दर्ज की है।
मूलरूप से गाजीपुर के थाना शादियाबाद गांव सौरी निवासी नितांत बुधवार की दोपहर में कर्नलगंज थाने पहुंचकर तहरीर दी। तहरीर में बताया कि भाई प्रत्यूष राय अमिताभ बच्चन स्पोर्ट्स काॅम्प्लेक्स के छात्रावास में रहकर वॉलीबाल की ट्रेनिंग ले रहा था। मंगलवार को उसे विनीत दूबे ने बताया कि छात्रावास के मेस में रात को खाना खाने के बाद कमरे में चला गया। अगली सुबह पता चला कि प्रत्यूष की कमरे में संदिग्ध हालात में मौत हो गई।
आरोप है कि कोच की ओर से मामले की कोई सूचना नहीं दी गई। वहीं, कोच पर आरोप लगाया कि प्रत्यूष को हॉस्टल में आने के लिए दबाव बनाते थे। तहरीर के बाद बुधवार की शाम कर्नलगंज थाना पुलिस हॉस्टल पहुंची। पुलिस खिलाड़ियों समेत हॉस्टल प्रबंधन समेत कुल नौ लोगों के बयान दर्ज किए हैं। वहीं, टीम के 14 खिलाड़ियों में से कुछ के मौके पर नहीं होने से पुलिस बृहस्पतिवार को फिर से हॉस्टल जाकर बयान दर्ज करेगी। इस दौरान पुलिस को पता चला कि प्रत्यूष घटना के एक दिन पहले ही हॉस्टल आया था। कर्नलगंज थाना प्रभारी संजय कुमार सिंह ने बताया कि मृतक के परिजन की ओर से तहरीर दी गई है, मामले की जांच की जा रही है।
नोटिस में कहा- हरहाल में हों 10 फरवरी तक उपस्थित
दो फरवरी को जारी नोटिस में कहा गया कि आप बिना किसी को सूचना दिए अपने घर चले गए। आपको सूचित किया जाता है कि आपके आचरण एवं अनुशासन के संबंध में आपके वॉलीबाल कोच वीर सिंह यादव, अंतरराष्ट्रीय वॉलीबॉल प्रशिक्षक की ओर से कार्यालय में लिखित पत्र प्रस्तुत किया गया है। जिसका संज्ञान लिया जा चुका है। आपको अंतिम चेतावनी दी जाती है कि आप 10 फरवरी तक किसी भी दशा में छात्रावास में अनिवार्य रूप से उपस्थित हों। इससे पूर्व भी आप बिना सूचना दिए व बिना अवकाश स्वीकृत कराए अनुपस्थित हो चुके हैं, जोकि अनुशासनहीनता है। ऐसा प्रतीत होता है कि आप छात्रावास में रहने के लिए इच्छुक नहीं हैं। अतः आपको कड़ी चेतावनी दी जाती है।
क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी प्रेम कुमार ने बताया कि खिलाड़ियों को नोटिस भेजकर जवाब मांगना एक सामान्य प्रक्रिया है। ये नोटिस उनको भेजी जाती है, जो बिना सूचना के गायब हो जाते हैं। रही बात खेल कोटे से नौकरी मिलने वाली तो इस बारे में खेल निदेशालय की ओर से उनको कोई सूचना नहीं मिली थी। प्रत्यूष की फौज में नौकरी की जानकारी होती तो नोटिस नहीं भेजा जाता।
कोच योगेंद्र ने बताया- रात 12 बजे तक प्रत्यूष दोस्तों को भेजा रील्स
प्रयागराज। वॉलीबाल के दूसरे कोच योगेंद्र शर्मा ने बताया कि सोमवार सुबह वॉलीबाॅल के सभी खिलाड़ियों को मैच के लिए मेजा जाना था। चूंकि प्रत्यूष मैच का सेंट्रल अटैकर और मुख्य खिलाड़ी था। इसलिए वह इस मैच में शामिल होने के लिए अधिक उत्सुक था। देर शाम करीब पांच बजे मेजा से मैच खेलकर वापस आने पर सभी खिलाड़ी हमेशा की तरह सामान्य थे।
रात में खाना खाने के बाद रात बारह बजे तक मोबाइल चला रहा था। उसने अपने दोस्तों को बारह बजे तक कई रील्स भी शेयर किए। इसके बाद प्रत्यूष के साथ क्या हुआ कोई नहीं जान पाया। योगेंद्र ने बताया कि बेली अस्पताल में ले जाने के बाद डॉक्टरों ने उसकी मौत चार घंटे पहले करीब एक से दो बजे के बीच में होना बताया। वहीं, पुलिस प्रत्यूष के हाॅस्टल के कमरा नंबर एक को सीज कर दी है और मोबाइल कब्जे में लेकर जांच कर रही है।