Prayagraj : ट्रिपलआईटी के हॉस्टल के चौथी मंजिल से बीटेक के छात्र ने कूदकर दी जान, दूसरे की संदिग्ध दशा में मौत
रविवार की रात ट्रि्पल आईटी में दो छात्रों की मौत हो गई। एक ने छात्रावास की चौथी मंजिल से छलांग लगाकर जान दे दी तो दूसरे की संदिग्ध दशा में मौत हो गई। इससे परिसर में छात्रों ने जमकर हंगामा किया। तेलंगाना के रहने वाले मूक बधिर छात्र ने ट्रिपलआईटी छात्रावास की चौथी मंजिल से कूदकर जान दे दी। आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। वह बीटेक इन्फार्मेशन प्रथम वर्ष का छात्र था।
विस्तार
तेलंगाना के नजीमाबाद निवासी राहुल चैतन्य बीटेक इनफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी का छात्र था और बॉयज हॉस्टल-पांच में रहता था। मां स्वर्णलता ने बताया कि शनिवार रात 11:58 बजे पर उसने फैमिली ग्रुप में मैसेज किया कि वह दुनिया छोड़ रहा है। उन्होंने ट्रिपलआईटी में ही पढ़ने वाले अपने गांव के मणि नामक छात्र को फोन कर इसकी जानकारी दी।
मणि कमरे में पहुंचा तो राहुल नहीं था। वह उसे ढूंढ़ने लगा और इसी दौरान शोर मचा कि किसी छात्र ने हॉस्टल के चौथे मंजिल से कूदकर जान दे दी है। वह मौके पर पहुंचा तो देखा कि छलांग लगाने वाला छात्र राहुल था, जो बेहद गंभीर हाल में पड़ा था। उसे एसआरएन अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
यह भी पढ़ें- कमांडर वर्क इंजीनियर हत्याकांड: अफसर के आवास के चप्पे-चप्पे से वाकिफ था हत्यारा, दीवार फांदकर आया था कैंपस में
वहीं, दो साथियों की मौत की खबर मिलने पर छात्र भड़क उठे। उन्होंने हॉस्टल गेट पर ही हंगामा शुरू कर दिया। वह फैकल्टी पर उत्पीड़न, दबाव बनाने व संस्थान में सुविधाएं नहीं मिलने जैसे आरोप लगा रहे थे। मौके पर पहुंचे संस्थान के प्रोफेसरों व अफसरों ने समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं माने। सुबह छह बजे तक छात्र प्रदर्शन करते रहे और फिर बहुत समझाने पर शांत हुए।
सेमेस्टर परीक्षा में आया था बैक
पिता कृष्ण प्रसाद ने बताया कि पांच महीने पहले ही राहुल का दाखिला हुआ था। तीन विषयों में फेल होने की वजह से उसका सेमेस्टर परीक्षा में बैक लग गया था। हालांकि, वह इसे लेकर परेशान है, यह कभी नहीं बताया। आरोप लगाया कि संस्थान के शिक्षकों ने बताया कि राहुल की अटेंडेंस भी शाॅर्ट थी। वह तीन महीने से कक्षा में नहीं आ रहा था, हालांकि इसकी सूचना कभी उन्हें या उसकी मां को नहीं दी गई। उन्होंने बताया कि रविवार को राहुल का बर्थडे था।
एक छात्र ने खुदकुशी की है, दूसरे की बीमारी से मौत की बात बताई जा रही है। सुसाइड करने वाले छात्र का पोस्टमार्टम कराया गया है। दूसरे का पीएम सोमवार को होगा। - अभिषेक भारती, डीसीपी नगर
संस्थान की ओर से दो जांच कमेटियां गठित
ट्रिपलआईटी के पीआरओ पंकज मिश्रा ने बताया कि छात्र की खुदकुशी की घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। दिव्यांग छात्रों के लिए संस्थान की ओर से सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। जानकारी में आया है कि छात्र ने अपनी मां को एकेडमिक प्रेशर में होने की बात मैसेज में भेजी है। मामले में कार्यवाहक निदेशक ने तीन वरिष्ठ प्रोफेसरों की फैक्ट फाइंडिंग कमेटी गठित की है। जिसे एक हफ्ते में रिपोर्ट देने को कहा गया है। एक फैक्ट फाइंडिंग सब कमेटी भी गठित की गई है, जो छात्रों की ओर से उठाई गई समस्याओं और मुद्दों पर जांच कर रिपोर्ट देगी।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.