असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती परीक्षा : सात अंकों की बुकलेट, ओएमआर में केवल छह बॉक्स, परेशान हुए अभ्यर्थी
असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती परीक्षा में ओएमआर शीट में गड़बड़ी मिलने पर अभ्यर्थी परेशान हो गए और इसकी शिकायत कक्ष निरीक्षकों और व्यवस्थापकों से की। बाद में उनकी समस्या का समाधान किया गया, लेकिन अभ्यर्थियों को आशंका है कि मूल्यांकन में कहीं कोई तकनीकि अड़चन न पैदा हो जाए। हालांकि परीक्षा की पहली पाली में 73 और दूसरी पाली में 69 फीसदी उपस्थिति रही।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती के लिए शनिवार को हुई दूसरे चरण की लिखित परीक्षा के दौरान बुकलेट (प्रश्न पुस्तिका) संख्या के अंकों और ओएमआर में अंकों को भरे जाने के लिए निर्धारित स्थान में अंतर हो जाने से अभ्यर्थी काफी परेशान हुए। विसंगति सामने आने पर अभ्यर्थियों की समस्याओं का निराकरण तो कर दिया गया, लेकिन परीक्षा के बाद भी अभ्यर्थियों में संशय बना रहा कि कॉपियों का मूल्यांकन कैसे होगा। बाद में उत्तर प्रदेश उच्चतर शिक्षा सेवा आयोग (यूपीएचईएस) की ओर से स्पष्ट किया गया कि इससे कोई तकनीकी दिक्कत नहीं आएगी और न ही मूल्यांकन कार्य प्रभावित होगा।
अशासकीय महाविद्यालयों में असिस्टेंट प्रोफेसर के 2002 पदों पर भर्ती होनी है। पहले चरण के तहत 30 अक्तूबर को 16 विषयों की परीक्षा हुई थी और दूसरे चरण के तहत शनिवार को 18 विषयों की परीक्षा आयोजित की गई। सुबह नौ से 11 बजे तक पहली पाली में 36 केंद्रों में हुई आठ विषयों की परीक्षा के लिए 15750 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 11556 अभ्यर्थी (73.37 फीसदी) उपस्थित औरर 4194 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। वहीं, अपराह्न दो से चार बजे तक दूसरी पाली में 38 केंद्रों में हुई 10 विषयों की परीक्षा के लिए 17135 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 11837 अभ्यर्थी (69 फीसदी) उपस्थित और 5298 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
पहली पाली की परीक्षा शुरू होते ही केंद्रों में आपाधापी की स्थिति उत्पन्न हो गई। बुकलेट संख्या सात अंकों की थी, जबकि ओएमआर पर बुकलेट संख्या भरने के लिए केवल छह बॉक्स दिए गए थे। तमाम केंद्रों में अभ्यर्थी से कहा गया कि पहला अंक छोड़कर बाकी छह अंक बुकलेट में भर दें। वहीं, कुछ केंद्रों में अभ्यर्थियों से कहा गया कि अंतिम अंक के लिए अलग से बॉक्स बनाकर उसे भर दें। अभ्यर्थी परेशान थे कि उनकी कॉपियों का मूल्यांकन कैसे होगा।
इस बारे में आयोग की सचिव वंदना त्रिपाठी का कहना है कि दो अलग-अलग एजेंसियों को बुकलेट और ओएमआर छापने की जिम्मेदारी दी गई थी। जिसकी वजह से यह विसंगति उत्पन्न हुई। इससे मूल्यांकन कार्य प्रभावित नहीं होगा और न ही कोई तकनीकी दिक्कत आएगी। सबसे जरूरी बुकलेट सिरीज और रोल नंबर है, जिसके आधार पर मूल्यांकन होता है।
संतुलित रहे जीके के सवाल, विषयों ने आसान बनाई राह
असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती परीक्षा में सामान्य ज्ञान के सवाल संतुलित रहे। वहीं, अभ्यर्थियों ने अपने-अपने विषयों की तैयारी ठीक से की थी, सो विषयों के सवालों ने उनके लिए राह आसान कर दी। सामान्य ज्ञान के सवाल कंप्यूटर, पर्यावरण, भूगोल, इतिहास, भारतीय राजव्यवस्था आदि से संबंधित थे और पाठ्यक्रम के अनुसार थे। कुल 100 सवाल पूछे गए थे, जिसमें सामान्य ज्ञान के 30 सवाल कॉमन थे और बाकी 70 सवाल विषयों से पूछे गए थे। परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों ने बताया कि निगेटिव मार्किंग न होने के कारण जवाब गलत हो जाने या अंक कटने का दबाव नहीं था। ऐसे में सभी सवाल हल किए। ज्यादातर सवाल संतुलित और आसान थे। ऐसे में स्पर्धा कठिन होने के आसार हैं।
सामान्य ज्ञान के कुछ सवाल
सवाल - निम्नलिखित में से कौन सा एक इलेक्ट्रॉनिक उपकरण में सोशल साइट नहीं है?
विकल्प - फेसबुक, इंस्टाग्राम, याहू, ट्वीटर
सवाल - संगणक के भंडारण के संबंध में शब्द ‘टी बी’ का क्या अर्थ होता है?
विकल्प- टेट्रा बिट, टेरा बिट, टेरा बाइट, टेट्रा बाइट
सवाल - निम्नांकित में से कौन एक आउटपुट डिवाइस है?
विकल्प - कीबोर्ड, स्पीकर, माउस, स्कैनर
सवाल - वन्य जीव संरक्षण, 2020 के लिए लाइफ टाइम सर्विस पुरस्कार निम्नलिखित में से किसने जीता है?
विकल्प - थिओडोर बास्करन, दीपक काबरा, पवन सिंह, पीवी सिंधु
सवाल - भारत में मुख्य कितने प्रकार की मृदा पाई जाती है?
विकल्प - छह, सात, दस, आठ
भारत में राष्ट्रीय मेरीटाइम (समुद्री) दिवस कब मनाया जाता है?
विकल्प - 5 अप्रैल, 6 अप्रैल, 7 अप्रैल, 8 अप्रैल
सवाल - किसने कहा, ‘कांग्रेस से भी पवित्र एक और वस्तु है और वह है भारतीयों की स्वतंत्रता’?
विकल्प - लोकमान्य तिलक, चितरंजन दास, विट्ठलभाई पटेल, हकीम अजमल खां
सवाल - किसने तत्कालीन ‘स्वराज पार्टी’ को भारत की सबसे सुसंगठित पार्टी माना?
विकल्प - ब्रेडले, बर्केनहेड, इरविन, सीआर दास
सवाल - पहला उत्तर प्रदेश दिवस निम्नलिखित में से किसवर्ष आयोजित किया गया था?
विकल्प - 2018, 2019, 2020, 2021
सवाल - निम्नलिखित में से किस भारतीय राज्य/केंद्रशासित प्रदेश ने एक नई ‘स्कूल बैग नीति’ शुरू की है?
विकल्प - गुजरात, ओडिशा, दिल्ली, राजस्थान,
सवाल - प्रथम राष्ट्रीय शिक्षा नीति कब घोषित की गई थी?
विकल्प - 17 अगस्त 1986, 24 जुलाई 1956, 24 जुलाई 1968, 26 अगस्त 1953