Prayagraj : पीडब्लूडी के कैशियर को एंटी करप्शन सेल ने रंगे हाथों पकड़ा, ठेकेदार से ले रहा था 20 हजार रुपये घूस
एंटी करप्शन की टीम ने बिल पास कराने के नाम पर ठेकेदार से 20 हजार रुपये घूस लेते हुए पीडब्लूडी के कैशियर को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। उसको आफिस में पकड़ा गया है।
विस्तार
एंटी करप्शन की टीम ने बुधवार को लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के कैशियर मदन मोहन शुक्ला (51) को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी मदन मोहन मूल रूप से प्रतापगढ़ के जेठवारा थाना क्षेत्र के डेरवा बाजार का रहने वाला है। वह शहर के बेली रोड स्थित नया कटरा में रहकर नौकरी करता है।
आरोप है कि महाकुंभ मेला क्षेत्र स्थित पांटून पुल और सड़क के रख-रखाव के टेंडर का बिल पास कराने के एवज में ठेकेदार से रिश्वत मांगी गई थी। बृहस्पतिवार आरोपी को वाराणसी के एंटी करप्शन कोर्ट में पेश किया जाएगा।
गाजीपुर के थाना बिरनो गांव जगदीशपुर निवासी शिकायतकर्ता दीपक कुमार पांडेय ने एंटी करप्शन को बताया कि उनके पिता की एसपी इंटरप्राइजेज के नाम से फर्म है। महाकुंभ से पहले मेला क्षेत्र में पांटून पुल और सड़क रख-रखाव को लेकर लगभग 94 लाख रुपये का टेंडर हुआ था।
शिकायत पर एंटी करप्शन प्रभारी रविंद्र सिंह के नेतृत्व में निरीक्षक अलाउद्दीन अंसारी, राकेश बहादुर सिंह, अंजली यादव, उप निरीक्षक अर्जुन सिंह, हेड कांस्टेबल अनिरुद्ध कुमार बलवंत, आरक्षी दीपक शुक्ला, वेद प्रकाश, दिनेश प्रसाद और योगेंद्र सिंह की टीम बनाई गई।
बुधवार दोपहर करीब 12:15 बजे टीम नया कटरा स्थित लोक निर्माण विभाग स्थित निर्माण खंड-पांच पहुंची और जैसे ही दीपक ने मदन को रिश्वत के पैसे दिए उसे एंटी करप्शन की टीम ने रंगे हाथ दबोच लिया और जॉर्जटाउन थाने ले आई। आरोपी पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत विधिक कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज किया गया है।
विभाग में तैनात अन्य लोगों की भूमिका भी जांच रही टीम
रिश्वत मांगने की शिकायत पर 10 पुलिसकर्मियों की टीम सादी वर्दी पीडब्ल्यूडी स्थित निर्माण खंड-पांच में पहुंची थी। मदन को टीम ने जैसे ही पकड़ा कार्यालय में खलबली मच गई। इस बीच मदन कहता रहा कि रिश्वत लेने में उसकी कोई भूमिका नहीं है। इसके बाद टीम आरोपी को जॉर्जटाउन थाने ले आई। वहीं, अब एंटी करप्शन की टीम विभाग में तैनात अन्य संदिग्धों की भूमिका की जांच कर रही है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.