प्रयागराज। अमर उजाला फाउंडेशन की ‘अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा’ में मां शारदा धनराजी देवी इंटर कॉलेज जंगीगंज भदोही के 12 वीं के छात्र अमित कुमार यादव ने सफलता प्राप्त की है। पेशे से किसान सुरेंद्र प्रसाद यादव और इंदु देवी के पुत्र अमित ‘अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा’ से मिले धन से अच्छी पढ़ाई करके कृषि वैज्ञानिक बनना चाहते हैं। बारहवीं की बोर्ड परीक्षा की तैयारी में जुटे अमित कुमार आगे बीएससी (एजी) की पढ़ाई करने की तैयारी में हैं। अमित का कहना है कि कृषि उसका पसंदीदा विषय है, इसके जरिए वह किसानों को उन्नत खेती की जानकारी देंगे।
पेशे से किसान सुरेंद्र प्रसाद यादव के परिवार में पढ़ाई-लिखाई को लेकर बेहतर माहौल है, स्नातक तक की पढ़ाई करने वाले सुरेंद्र बच्चों को अच्छी शिक्षा देना चाहते हैं, वह समय-समय पर बेटे की शिक्षा को लेकर शिक्षकों से जानकारी लेते रहते हैं। अमित के दो छोटे भाई स्कूली शिक्षा ले रहे हैं। अमर उजाला की ‘अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा’ में सफलता हासिल करने वाले अमित का कहना है कि छात्रवृत्ति परीक्षा की तैयारी में उसके पिता और शिक्षकों ने मदद की। ‘अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा’ से मिले पैसे से वह आगे की पढ़ाई के लिए कोचिंग करेंगे और अच्छी किताबें खरीदेंगे। छात्रवृत्ति परीक्षा में सफलता को वह अपने कैरियर में महत्वपूर्ण शुरुआत मानते हैं।