Allahabad University Violence : छात्रनेताओं के समर्थन में उतरे हाईकोर्ट बार के पदाधिकारी
इलाहाबाद विश्वविद्यालय में सोमवार को छात्रों और सुरक्षाकर्मियों के बीच हुए विवाद में इलाहाबाद हाईकोर्ट बार ने छात्रनेताओं पर बर्बरतापूर्वक हुए हमले की निंदा की है। साथ ही आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए छात्रनेताओं का समर्थन किया है।
विस्तार
इलाहाबाद विश्वविद्यालय में सोमवार को छात्रों और सुरक्षाकर्मियों के बीच हुए विवाद में इलाहाबाद हाईकोर्ट बार ने छात्रनेताओं पर बर्बरतापूर्वक हुए हमले की निंदा की है। साथ ही आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए छात्रनेताओं का समर्थन किया है। इस मामले में इविवि के पूर्व छात्रनेता और हाईकोर्ट के अधिवक्ता रजनीश कुमार सिंह रीशू के नेतृत्व में अधिवक्ताओं की एक टीम ने हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राधाकांत ओझा और महासचिव एसडी सिंह जादौन से मुलाकात की। इस दौरान कार्यकारिणी के सभी सदस्य भी मौजूद रहे।
हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के महासचिव एसडी सिंह जादौन ने कहा कि अगर आरोपियों की गिरफ़्तारी न हुई तो बार के पदाधिकारी भी छात्रों के साथ सड़क पर उतरने को बाध्य होंगे।। हाईकोर्ट बार एसोसिएशन ने छात्रों को अपना समर्थन देते हुए पुलिस आयुक्त को पत्र लिखकर आरोपियों के तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार नहीं किया जाता है तो हाईकोर्ट बार एसोसिएशन भी छात्रों के साथ इस आंदोलन में उतरने के लिए बाध्य होगा। गौरतलब है कि पूर्व छात्रनेता विवेकानंद पाठक हाईकोर्ट के अधिवक्ता भी हैं। इस दौरान हाईकोर्ट के अधिवक्ता अभ्युदय नारायण त्रिपाठी, अमरेंद्र सिंह, सुरेश पांडेय, विनीत जायसवाल, अखिलेश गुप्ता आदि मौजूद रहे।
आज खत्म हो जाएगी अल्टीमेटम की समयावधि
प्रयागराज। इविवि में छात्रनेताओं और सुरक्षाकर्मियों के बीच हुए विवाद के बाद छात्र आंदोलनरत हो गए थे। छात्रों ने इविवि और पुलिस प्रशासन को 48 घंटे समय देते हुए मांग किया था कि दोषी सुरक्षाकर्मियों को गिरफ्तार किया जाए, साथ ही सुरक्षा एजेंसी का अनुबंध खत्म किया जाए। मांग पूरी न होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी है। ऐसे छात्रों की ओर से दिए 48 घंटे की समयसीमा बृहस्पतिवार को पूरी हो जाएगी। लेकिन इनमें से किसी भी मांग के पूरा होने की अभी तक कोई संभावना नहीं दिख रही है। ऐसे में घटना से नाराज छात्रनेता बृहस्पतिवार को समयसीमा खत्म होने के बाद फिर से आंदोलन कर सकते हैं।
छात्रनेताओं पर दर्ज मुकदमें वापस लिए जाएं
प्रगतिशील स्टूडेंटस यूनियन ऑफ इंडिया के इविवि ईकाई के अध्यक्ष अंकित मौर्य ने परिसर में छात्रनेताओं पर हुए हमले की निंदा की है। पीएसयूआई के प्रदेश सचिव अंबुज सिंह ने कहा कि छात्र अपनी मांगों को लेकर गांधीवादी तरीके से आंदोलन कर रहे हैं। किंतु विवि प्रशासन के इशारे पर छात्रों पर जानलेवा हमला शर्मनाक है। आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो छात्र उग्र आंदोलन को बाध्य होंगे। इस मौके पर नवीन विद्यार्थी, अमितेश सिंह, जीतेंद्र कुमार, राहुल पटेल आदि मौजूद रहे।