Allahabad University : पीजी प्रवेश के लिए रिकॉर्ड 34 हजार से अधिक आवेदन, पिछली बार से तीन हजार अधिक आए फार्म
ऑनलाइन आवेदन रात 12 बजे तक स्वीकार किए गए। ऐसे में आवेदनों की संख्या 35 हजार से ऊपर जाने की उम्मीद है। इविवि एवं कॉलेजों में पीजी प्रवेश के लिए इतनी बड़ी संख्या में आवेदन पहली बार आए हैं और यह एक रिकॉर्ड है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) और संघटक महाविद्यालयों में परास्नातक प्रवेश परीक्षा (पीजीएटी)-2024 के लिए इस बार रिकॉर्ड आवेदन हैं। 34 हजार से अधिक अभ्यर्थियों ने दावेदारी की है। इविवि और कॉलेजों में पीजी प्रवेश के लिए इतनी बड़ी संख्या में आवेदन पहले कभी नहीं आए। 12 जून (रात 12 बजे तक) को आवेदन का अंतिम मौका था।
इविवि एवं संघटक महाविद्यालयों में पीजी के 60 पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आवेदन की प्रक्रिया 16 मई से शुरू हुई थी। बाद में दो नए पाठ्यक्रम भी शामिल किए गए। आवेदन की अंतिम तिथि पांच जून निर्धारित की गई थी लेकिन अभ्यर्थियों की मांग पर आवेदन की अंतिम तिथि 12 जून तक बढ़ा दी गई थी। आखिरी दिन यानी बुधवार शाम पांच बजे तक 57803 अभ्यर्थी ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर चुके थे और इनमें से 34357 अभ्यर्थियों शुल्क जमा करते हुए आवेदन की प्रक्रिया पूरी कर ली थी।
35 हजार से अधिक आवेदन की उम्मीद
ऑनलाइन आवेदन रात 12 बजे तक स्वीकार किए गए। ऐसे में आवेदनों की संख्या 35 हजार से ऊपर जाने की उम्मीद है। इविवि एवं कॉलेजों में पीजी प्रवेश के लिए इतनी बड़ी संख्या में आवेदन पहली बार आए हैं और यह एक रिकॉर्ड है। वहीं, पिछले साल पीजीएटी-2023 के लिए 54212 अभ्यर्थियों ने रजिस्ट्रे्शन किए थे और इनमें से 31248 अभ्यर्थियों ने आवेदन की प्रक्रिया पूरी की थी। इस बार तीन हजार अतिरिक्त आवेदन आ चुके हैं और यह संख्या अभी बढ़ सकती है।
परास्नातक की तकरीबन 3600 सीटों पर दाखिले के लिए प्रवेश परीक्षा जून के तीसरे सप्ताह में प्रस्तावित की गई थी। हालांकि, आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाए जाने के कारण प्रवेश परीक्षा कुछ आगे बढ़ाई जा सकती है। इविवि ने प्रवेश परीक्षा की तिथि अभी घोषित नहीं की है। वहीं, प्रवेश परीक्षा का परिणाम जुलाई के पहले सप्ताह में जारी करने और प्रवेश के लिए काउंसलिंग जुलाई के तीसरे सप्ताह से शुरू किए जाने की तैयारी है।
आवेदन में कल से दो दिन के लिए संशोधन का मौका
पीजीएटी के लिए आवेदन की प्रक्रिया पूरी कर चुके अभ्यर्थियाें को 14 एवं 15 जून (शाम पांच बजे तक) को अपने ऑनलाइन आवेदन में संशोधन का मौका दिया गया है। इविवि प्रवेश प्रकोष्ठ के निदेशक प्रो. जेके पति के अनुसार अभ्यर्थी अपने माता-पिता के नाम, जन्मतिथि, जेंडर, पता, वैवाहिक स्थिति, आधार कार्ड नंबर, अभिभावकों की वार्षिक आय, शैक्षिक अर्हता (दसवीं, बारहवीं, स्नातक, परास्नातक), हॉस्टल, लंबित पुलिस केस, एबीसी आईडी, ईमेल आईडी, मोबाइल नंबर वाले कॉलम में संशोधन कर सकते हैं। आवेदक के नाम, विषय, सामाजिक श्रेणी और पीडब्ल्यूडी में संशोधन नहीं किए जा सकेंगे। आवेदक http://aupravesh2024.cbtexam.in पर जाकर संशोधन कर सकते हैं। अभ्यर्थी यह सुनिश्चित कर लें कि माता-पिता का नाम और अभ्यर्थी की जन्मतिथि दसवीं के प्रमाणपत्र/जन्म प्रमाणपत्र से मेल खानी चाहिए। ब्यूरो