इलाहाबाद विवि : 30 जून तक नियुक्त शिक्षक ही करा सकेंगे शोध, इस बार बढ़ सकती हैं पीएचडी की 52 सीटें
इविवि में फिल्म एंड थिएटर, जंतु विज्ञान, संस्कृत, पंडित दीनदयाल उपाध्याय शोध पीठ, सीबीसीएस, सांख्यिकी, मनोविज्ञान और अंग्रेजी विभाग में 30 जून तक शिक्षक भर्ती पूरी हो चुकी थी। हालांकि, अब तक कुल 17 विभागों में 240 शिक्षकों की भर्ती पूरी हो चुकी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) में 30 जून 2022 तक नियुक्त शिक्षक ही सत्र 2022-23 के तहत शोध करा सकेंगे। इविवि के रजिस्ट्रार की ओर से इस बाबत संशोधित नोटिफिकेशन जारी किया गया है। छह जनवरी को रजिस्ट्रार की ओर से नोटिफिकेशन जारी किया गया था कि इविवि में सभी नवनियुक्त एसोसिएट प्रोफेसर और प्रोफेसर सत्र 2022-23 के तहत शोध करा सकेंगे। इस नोटिफिकेशन के जारी होने के बाद भ्रम की स्थिति थी कि सभी नवनियुक्त एसोसिएट प्रोफेसर एवं प्रोफेसर शोध करा सकेंगे या एक निर्धारित अवधि तक नियुक्त शिक्षकों को शोध कराने की अनुमति दी जाएगी।
इस पर स्थिति स्पष्ट करते हुए राजिस्ट्रार की ओर से नया नोटिफिकेशन जारी किया गया है कि 30 जून 2022 तक नियुक्त एसोसिएट प्रोफेसर एवं प्रोफेसर ही सत्र 2022-23 के तहत शोध करा सकेंगे। 30 जून 2022 तक आठ विषयों में 26 एसोसिएट प्रोफेसरों एवं प्रोफेसरों को नियुक्ति मिली थी। प्रत्येक शिक्षक को दो शोधार्थी मिलेंगे। ऐसे में इस बार आठ विभागों में पीएचडी की 52 सीटें बढ़ सकती हैं।
इविवि में फिल्म एंड थिएटर, जंतु विज्ञान, संस्कृत, पंडित दीनदयाल उपाध्याय शोध पीठ, सीबीसीएस, सांख्यिकी, मनोविज्ञान और अंग्रेजी विभाग में 30 जून तक शिक्षक भर्ती पूरी हो चुकी थी। हालांकि, अब तक कुल 17 विभागों में 240 शिक्षकों की भर्ती पूरी हो चुकी है। बाकी शिक्षकों को सत्र 2023-24 में शोध कराने की अनुमति मिल सकेगी।
इविवि की पीआरओ डॉ. जया कपूर का कहना है कि नवनियुक्त शिक्षकों को शोधार्थी दिए जाने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। इसमें नियमानुसार उनको दो शोधार्थी मिल सकते हैं। इससे शोध को नई दिशा में बढ़ावा मिलेगा और शिक्षकों को भी अकादमिक अनुभव विस्तार के अवसर मिलेंगे। अगर शिक्षक पहले से शोध करवा रहे हैं तो अपने साथ काम कर रहे शोधार्थी को नियमानुसार स्थानांतरित भी करवा सकते हैं।