इलाहाबाद विश्वविद्यालय : बीकॉम में 132, बीएससी गणित में 109 दखिले
इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) में बीकॉम में शुक्रवार को 132 अभ्यर्थियों ने प्रवेश लिए, जिनमें अनारक्षित वर्ग के 16, ओबीसी वर्ग के 105 और एससी वर्ग के 11 अभ्यर्थी शामिल है। वहीं, बीएससी गणित में 109 दाखिले हुए, जिनमें एससी वर्ग के 81 और एसटी वर्ग के 28 अभ्यर्थी शामिल हैं। बीएससी गणित में शनिवार को भी प्रवेश लिए जाएंगे। इसके लिए अनारक्षित वर्ग में 166 या अधिक अंक पाने वाले अभ्यर्थियों को प्रवेश भवन बुलाया गया है।
चार दिसंबर को बैचलर ऑफ फाइन आर्ट (बीएफए) में प्रवेश के लिए प्रयोगात्मक परीक्षा होगी। कोऑर्डिनेटर संजय श्रीवास्तव के अनुसार इसमें अनारक्षित वर्ग में 144 या अधिक अंक, ओबीसी में 121 या अधिक, ईडब्ल्यूएस में 110 या अधिक, एससी में 103 या अधिक अंक पाने वाले अभ्यर्थियों के साथ एसटी, दिव्यांग, खेल एवं शिक्षक/कर्मचारी कोटा के सभी अभ्यर्थी शामिल होंगे। अभ्यर्थियों को मध्यकालीन एवं आधुनिक इतिहास विभाग में पहुंचने को कहा गया है।
प्रो. पंकज बीएएलएलबी प्रवेश के समन्वय नियुक्त
इलाहाबाद विश्वविद्यालय में बीएएलएलबी प्रवेश के लिए राजनीति विज्ञान के विभागाध्यक्ष प्रो. पंकज कुमार को समन्वयक नियुक्त किया गया है। इस बारे में रजिस्ट्रार नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। अब तक यह जिम्मेदारी विधि विभाग के प्रो. आरके चौबे के पास थी।
एसएस खन्ना में बीएएलएलबी में प्रवेश शुरू
एसएस खन्ना महिला महाविद्यालय में बीएएलएलबी में प्रवेश की इच्छुक छात्राएं महाविद्यालय के प्रवेश काउंटर से काउंसिलिंग आवेदन फॉर्म सुबह 10 से अपराह्न तीन बजे तक प्राप्त कर सकती हैं। आवेदन फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि 10 दिसंबर है। इसके साथ ही बीकॉम प्रथम वर्ष में भी दाखिला शुरू हो गया है।
एसपीएम ने जारी किए नए कटआफ
श्याम प्रसाद मुखर्जी (एसपीएम) डिग्री कॉलेज ने छह और सात दिसंबर को स्नातक में प्रवेश के लिए नए कटऑफ जारी किए हैं। बीए सभी वर्ग में 145 या अधिक, बीएससी मैथ में सभी वर्ग में 140 या अधिक, बीएससी बायो में सभी वर्ग में 140 या अधिक और बीकॉम में सभी वर्ग में 145 या अधिक अंक पाने वाले अभ्यर्थियों की काउंसलिंग होगी।
ईश्वर शरण में आज बीए, बीएससी में प्रवेश
ईश्वर शरण डिग्री कॉलेज में शनिवार को बीएससी बायो एवं बीए में प्रवेश होंगे। बीएससी बायो में सभी वर्ग में 144 या अधिक अंक पाने वाले एवं एसटी वर्ग के सभी अभ्यर्थी और बीए में सभी वर्ग में 120 या अधिक अंक पाने वाले और एसटी के सभी अभ्यर्थी ऑनलाइन प्रवेश ले सकते हैं।
इग्नू ने सात दिसंबर तक बढ़ी प्रवेश की तिथि
इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) में जुलाई-2021 सत्र के पाठ्यक्त्रस्मों में नवीन प्रवेश के लिए आवेदन की तिथि बढ़ा दी गई है। इग्नू अध्ययन केंद्र, एडीसी के समन्वयक डॉ. एसपी सिंह के अनुसार आवेदन की अंतिम तिथि 30 नवंबर से बढ़ाकर सात दिसंबर कर दी गई है।