प्रयागराज : हिस्ट्रीशीटर लल्ला ने सपा जिला सचिव पवन यादव को मारी थी गोली, पुलिस ने तीन को पकड़ा
Pawan Yadav Murder Case : सपा नेता पवन यादव हत्याकांड मामले में पुलिस ने गांव के ही हिस्ट्रीशीटर लल्ला यादव समेत तीन आरोपियों को पकड़ लिया है। इनके पास से हत्या में प्रयुक्त तमंचा और बाइक भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। पुलिस शाम तक मामले का खुलासा कर सकती है।
विस्तार
हंडिया में सपा के जिला सचिव पवन यादव की हत्या के मामले में पुलिस ने एक हिस्ट्रीशीटर समेत तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। तीनों आरोपी गांव के ही बताए जा रहे हैं। जांच में पता चल रहा है कि हिस्ट्रीशीटर लल्ला यादव ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर पवन यादव को गोली मारी थी। जितेंद्र यादव उर्फ लल्ला हंडिया थाना क्षेत्र के मुगरांव का ही रहने वाला है। उसके खिलाफ जिले के कई थानों में हत्या, हत्या के प्रयास, लूट सहित कई संगीन धाराओं में दर्जनभर से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार गोली लल्ला ने ही चलाई थी।
बाइक पर उसके साथ गांव के ही निहाल अली और बृजेश यादव बताए जा रहे हैं। आरोपियों के कब्जे बाइक और हत्या में प्रयुक्त तमंचा भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस मामले का खुलासा बुधवार शाम तक कर सकती है। बुधवार सुबह से ही एसआरएन अस्पताल परिसर में स्थित पोस्टमार्टम हाउस में हंडिया, सिविल लाइंस समेत कई थानों की पुलिस फोर्स मौजूद रही। साथ ही बड़ी संख्या में सपा नेता और हंडिया क्षेत्र के लोग मौजूद रहे। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
मूल रूप से भदोही का रहने वाला है लल्ला
पुलिस जांच में सामने आया कि मूलरूप से भदोही निवासी जितेंद्र यादव उर्फ लल्ला से पवन यादव की पुरानी रंजिश थी। जितेंद्र वर्ष 2022 में हत्या के एक मामले में जेल गया था। जितेंद्र को पवन पर उसकी मुखबरी करने का संदेह था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था। वारदात के समय बाइक सवार तीन बदमाशों में से एक का हुलिया जितेंद्र यादव से मिलता-जुलता बताए जाने के बाद पुलिस का शक इस दिशा में भी गया है।
मंगलवार शाम को मारी गई थी गोली
हंडिया में मंगलवार शाम बाइक सवार नकाबपोश तीन बदमाशों ने समाजवादी पार्टी गंगापार के जिला सचिव और पूर्व ग्राम प्रधान पवन कुमार यादव (50) की गोली मारकर हत्या कर दी थी। वारदात हंडिया थाने से महज 500 मीटर दूर कर्मनाशा मोहल्ले में हुई।
गोली पवन की पीठ में लगी। गंभीर हालत में उन्हें कई अस्पतालों में ले जाया गया, लेकिन एसआरएन अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद तीनों बदमाश बाइक से वाराणसी की तरफ भाग गए थे। हंडिया थाना क्षेत्र के मुगरांव गांव निवासी पवन कुमार यादव पूर्व ग्राम प्रधान भी रह चुके हैं। उनकी मां धनराजी देवी भी गांव की पूर्व प्रधान रही हैं। पवन वर्तमान में समाजवादी पार्टी के जिला सचिव थे।
कार में बैठने के दौरान किया फायर
परिवार में पत्नी नीतू देवी, तीन बेटियां खुशी, मुस्कान और छोटी और बेटा प्रिंस है। मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे पवन अपनी कार से हंडिया कस्बे पहुंचे। कर्मनाशा मोहल्ले में उन्होंने अपनी कार सड़क किनारे खड़ी की और पास स्थित एक कैफे में दोस्तों से बातचीत करने चले गए। करीब दो घंटे बाद शाम करीब 5:20 बजे बजे वह कैफे से बाहर निकले और अपनी कार के पास पहुंचे।
वह जैसे ही कार में बैठने लगे तो प्रयागराज की ओर से बाइक सवार तीन बदमाश वहां पहुंचे थे कि बदमाशों ने कार के पास बाइक की रफ्तार धीमी कर दी। बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने पवन को सटाकर बनाकर फायर कर दिया। गोली उनकी पीठ में लगी। गोली लगते ही वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े। पुलिस पवन को हंडिया कस्बे के एक निजी अस्पताल ले गई। हालत गंभीर होने पर उन्हें टैगोर स्थित निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने एसआरएन अस्पताल रेफर कर दिया। एसआरएन पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया गया था।