भूमाफिया के पीछे लगाए गए सभी एसडीएम व एसीपी, संयुक्त रिपोर्ट तलब
भूमाफिया की ओर से किए गए अवैध कब्जों को हटाते हुए सपंत्तियों को जब्त किया जाएगा और ऐसे अवैध कब्जाधाराें के विरुद्ध गुंडा एक्ट, एनएसए, गैंगेस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जाएगी।
विस्तार
भूमाफिया की ओर से किए गए अवैध कब्जों को हटाते हुए सपंत्तियों को जब्त किया जाएगा और ऐसे अवैध कब्जाधाराें के विरुद्ध गुंडा एक्ट, एनएसए, गैंगेस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जाएगी। बुधवार को पुलिस लाइन में हुई जिला स्तरीय एंटी भूमाफिया टास्क फोर्स की बैठक में पुलिस आयुक्त जोगेंद्र कुमार व जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा जनपद में सक्रिय भूमाफिया के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति के अनुरूप गुंडा एक्ट, एनएसए, गैंगेस्टर एक्ट के तहत प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भूमाफिया के खिलाफ की जा रही कार्रवाई की प्रत्येक सप्ताह समीक्षा की जाए।
उन्होंने सभी तहसीलों के एसडीएम एवं एसीपी को भू-माफिया की पुरानी सूची की संयुक रूप से समीक्षा करने और अपने-अपने क्षेत्र के नए भूमाफिया को चिह्नित करते हुए सूची को अपडेट करने करते हुए भूमाफिया की नई सूची तैयार करने के निर्देश दिए ताकि कोई भी भूमाफिया छूटे नहीं और उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जा सके।
संबंधित एसडीएम व एसीपी को भू माफिया के चिह्ननीकरण में संयुक्त रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। डीएम व पुलिस आयुक्त ने भूमाफिया से संबंधित पोर्टल को अपडेट करने और उसमें जनपद के सभी भू-माफिया का नाम शामिल करने को कहा। डीएम ने कहा कि ज्यादातर आपराधिक घटनाओं के पीछे भूमि विवाद होता है इसलिए भूमि विवाद के मामलों में पुलिस विभाग भी त्वरित कार्रवाई करे।
उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग के अधिकारियों की ओर से धारा-24 के तहत पैमाईश करने के बाद कराई गई पत्थरगड़ी को विपक्षी बार-बार ध्वस्त कर हटा देते हैं इसलिए इस प्रकार के मामलों में पुलिस विभाग उनके विरुद्ध एफआईआर दर्ज करते हुए कठोर कार्रवाई करें। बैठक में अपर पुलिस आयुक्त अजय पाल शर्मा, अपर पुलिस आयुक्त विजय ढुल , डीसीपी नगर मनीष कुमार शांडिल्य, डीसीपी गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत, डीसीपी यमुनानगर विवेक चंद्र यादव, एडीएम नजूल संजय पांडेय आदि मौजूद रहे।