Railway : दरभंगा एक्सप्रेस में आग लगने के बाद प्रयागराज आने वाली ट्रेनें हो गई लेट
शाम 5.30 बजे के आसपास लगी आग के बाद दिल्ली से प्रयागराज की तरफ आ रही तमाम ट्रेनों को रोक दिया गया। घटना के बाद वहां ओएचई को भी बंद कर दिया गया। ट्रेनों को रोक लिए जाने की वजह से उसमें सफर कर रहे यात्री भी परेशान हो गए।
विस्तार
इटावा के पास सराय भूपत रेलवे स्टेशन पर बुधवार की शाम दिल्ली से दरभंगा जा रही 02570 दरभंगा क्लोन एक्सप्रेस के कोच में आग लग जाने की घटना के बाद प्रयागराज आ रही तमाम ट्रेनें लेट हो गई। विलंब होने वाली ट्रेनों में सभी पटना, रांची, भुवनेश्वर, हावड़ा राजधानी एक्सप्रेस प्रमुख रूप से शामिल रही।
शाम 5.30 बजे के आसपास लगी आग के बाद दिल्ली से प्रयागराज की तरफ आ रही तमाम ट्रेनों को रोक दिया गया। घटना के बाद वहां ओएचई को भी बंद कर दिया गया। ट्रेनों को रोक लिए जाने की वजह से उसमें सफर कर रहे यात्री भी परेशान हो गए। प्रयागराज जंक्शन पर भी ट्रेनों के इंतजार में यात्री देर रात तक परेशान रहे। तमाम यात्री रेलवे की नेशनल ट्रेन इनक्वायरी सिस्टम और 139 से ट्रेनों की लोकेशन लेते रहे।
इस दारान जो ट्रेनें विलंबित हुई उसमें रांची राजधानी एक्सप्रेस 1.20 घंटे, आनंद बिहार-जयनगर स्पेशल 7.30 घंटे, उदयपुर-पटना स्पेशल 4.15 घंटे, बीकानेर-गुवाहाटी एक्सप्रेस एक घंटा, आनंद बिहार-मधेपुरा एक्सप्रेस, महाबोधि, डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस 1.25-1.25 घंटे, हावड़ा राजधानी 40 मिनट, नई दिल्ली भुवनेश्वर राजधानी 40 मिनट, पटना राजधानी 45 मिनट विलंबित रही। उत्तर मध्य रेलवे के सीपीआरओ हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि अब रेल संचालन सामान्य है। कानपुर में तीन कोच जोड़े गए। घटना की जांच के लिए टीम गठित कर दी गई है। कहा कि रिपोर्ट के आधार पर आग का कारण स्पष्ट हो सकेगा।