एक्यूप्रेशर सम्मेलन : दो महीने में बदली आठ साल के जावेल की जिंदगी, किडनी की बीमारी में सुधार का दावा
किडनी की गंभीर बीमारी से जूझ रहे केरल के आठ वर्षीय जावेल जोगेश के उपचार को लेकर एक्यूप्रेशर संस्थान ने राहत भरा दावा किया है। परिजनों के मुताबिक, दिल्ली और केरल के बड़े-बड़े अस्पतालों में उपचार के बाद भी बच्चे की हालत में सुधार नहीं हुआ था।
विस्तार
किडनी की गंभीर बीमारी से जूझ रहे केरल के आठ वर्षीय जावेल जोगेश के उपचार को लेकर एक्यूप्रेशर संस्थान ने राहत भरा दावा किया है। परिजनों के मुताबिक, दिल्ली और केरल के बड़े-बड़े अस्पतालों में उपचार के बाद भी बच्चे की हालत में सुधार नहीं हुआ था। इसके बाद 11 सितंबर को उसकी मां टीनू उसे लेकर झूंसी स्थित एक्यूप्रेशर शोध प्रशिक्षण एवं उपचार संस्थान पहुंची। संस्थान के चिकित्सकों का दावा है कि दो महीने के उपचार के बाद बच्चे के पेट में जमा तरल पदार्थ और सूजन में काफी कमी आई है तथा उसकी स्थिति में लगभग 95 प्रतिशत सुधार हुआ है।
केरल के एरेनाकुला निवासी जावेल जोगेश के पिता जोगेश कारपेंटर हैं, जबकि मां टीनू गृहिणी हैं। जुलाई 2026 में कक्षा तीन के छात्र जावेल को किडनी की बीमारी का पता चला था। बीमारी के कारण उसके पेट में जलोदर हो गया था, चेहरे पर काफी सूजन थी और हाथ-पैर भी काफी पतले हो गए थे।
अगस्त में परिजन उसे दिल्ली के एक अस्पताल ले गए जहां उसे स्टेरॉयड दवाएं दी गईं। मां के मुताबिक, इसके बाद भी बच्चे की तबीयत में सुधार नहीं हुआ और उसकी परेशानी बढ़ती गई। इसी दौरान टीनू को रायपुर में प्रयागराज के इस एक्यूप्रेशर संस्थान की जानकारी मिली। संस्थान के डॉक्टर सुनील मिश्रा के अनुसार, बच्चे के पेशाब के रास्ते खून और प्रोटीन निकल रहा था तथा पेट में जलोदर के साथ सूजन भी थी। दो महीने के उपचार के बाद उसकी स्थिति में काफी सुधार हुआ है और फिलहाल उपचार जारी है।
