{"_id":"63a32bd714e94b656b5b9444","slug":"action-not-arrested-investigation-continues-on-third-day-in-allahabad-university-ruckus","type":"story","status":"publish","title_hn":"कार्रवाई न गिरफ्तारी : इलाहाबाद विवि बवाल में तीसरे दिन भी जांच जारी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
कार्रवाई न गिरफ्तारी : इलाहाबाद विवि बवाल में तीसरे दिन भी जांच जारी
Thu, 22 Dec 2022 12:58 AM IST
विनोद सिंह
अमर उजाला नेटवर्क, प्रयागराज
अमर उजाला नेटवर्क, प्रयागराज
Published by: विनोद सिंह
Updated Thu, 22 Dec 2022 12:58 AM IST
सार
सूत्रों का कहना है कि फिलहाल मारपीट, तोड़फोड़, पथराव व आगजनी करने वालों को चिह्नित करने का प्रयास किया जा रहा है। एडिशनल पुलिस कमिश्नर के नेतृत्व में गठित टीमें उपद्रव करने वालों की पहचान के लिए सीसीटीवी व वीडियो फुटेज खंगाल रही हैं।
विज्ञापन
इलाहाबाद विश्वविद्यालय में बवाल। फाइल फोटो
- फोटो : अमर उजाला।
विस्तार
इलाहाबाद विश्वविद्यालय में हुए बवाल मामले में तीसरे दिन भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। पुलिस की जांच 48 घंटे बाद भी नहीं पूरी हो सकी। उधर, विवि परिसर में सन्नाटा पसरा रहा। हालांकि, एहतियातन सुरक्षा में फोर्स तैनात रही। 19 दिसंबर को पथराव, तोड़फोड़ और आगजनी की गई थी। इस मामले में पुलिस अफसरों ने कहा था कि जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। हालांकि तीसरे दिन भी पुलिस किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी।
विज्ञापन
सूत्रों का कहना है कि फिलहाल मारपीट, तोड़फोड़, पथराव व आगजनी करने वालों को चिह्नित करने का प्रयास किया जा रहा है। एडिशनल पुलिस कमिश्नर के नेतृत्व में गठित टीमें उपद्रव करने वालों की पहचान के लिए सीसीटीवी व वीडियो फुटेज खंगाल रही हैं। फिलहाल कोई कार्रवाई न होने से माना जा रहा है कि अब तक पुलिस इस मामले में कोई ठोस सबूत नहीं जुटा सकी है।
विज्ञापन
छात्रों की ओर से दर्ज कराए गए मामले ही नहीं बल्कि सुरक्षा गार्ड की ओर से भी लिखाए गए केस में अभी विवेचना आगे नहीं बढ़ सकी है। यही वजह है कि किसी गैरजमानती धाराओं में मामले दर्ज होने के बावजूद कोई गिरफ्तारी नहीं हो सकी। इंस्पेक्टर राममोहन राय ने बताया कि साक्ष्य जुटाने का काम किया जा रहा है।
विज्ञापन
आज खत्म होगी समय सीमा, पुलिस अलर्ट
गिरफ्तारी के संबंध में छात्रों की ओर से दिए गए अल्टीमेटम की अवधि बृहस्पतिवार को खत्म होगी। इसे लेकर पुलिस भी पूरी तरह से अलर्ट है। यही वजह है कि अभी परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अफसर कोई खतरा नहीं मोल लेना चाहते। ऐसे में बताया जा रहा है कि बृहस्पतिवार को भी परिसर में फोर्स तैनात रहेगी। सादे कपड़ों में भी पुलिस टीमें लगाई जाएंगी।