Mahakumbh : महाकुंभ में लोकेशन डिवाइस और पैनिक बटन के साथ चलेंगी 7000 रोडवेज बसें, एमडी पहुंचे प्रयागराज
यात्रा के दौरान महिला यात्री किसी भी प्रकार की समस्या के आने पर पैनिक बटन दबाकर सहायता ले सकती हैं। बृहस्पतिवार को प्रयागराज आए यूपी रोडवेज के प्रबंध निदेशक मासूम अली सरवर ने झूंसी रोडवेज वर्कशाप के निरीक्षण के दौरान पत्रकारों से बातचीत में यह जानकारी दी।
विस्तार
महाकुंभ के लिए एक निर्देशिका का विमोचन भी किया
महाकुंभ मेले के विभिन्न स्नान पर्वों पर रोडवेज की ओर से संचालित तकरीबन 7000 बसें लोकेशन डिवाइस और पैनिक बटन के साथ चलेंगी। लोकेशन डिवाइस के जरिए यात्रा के दौरान श्रद्घालुओं को यह आसानी से पता चल सकेगा कि वे किस रास्ते से होकर गुजर रहे हैं। साथ ही उनकी बस कहां तक पहुंची है। उनके परिजन भी बस नंबर के जरिए उसकी लोकेशन के बारे मेंं पता कर सकेंगे। विशेष रुप से महिला यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी बसों में पैनिक बटन भी लगाया जाएगा।
यात्रा के दौरान महिला यात्री किसी भी प्रकार की समस्या के आने पर पैनिक बटन दबाकर सहायता ले सकती हैं। बृहस्पतिवार को प्रयागराज आए यूपी रोडवेज के प्रबंध निदेशक मासूम अली सरवर ने झूंसी रोडवेज वर्कशाप के निरीक्षण के दौरान पत्रकारों से बातचीत में यह जानकारी दी। इस दौरान प्रबंध निदेशक मासूम अली सरवर ने यूपी के सभी जिलोंं से आए आरएम, एसएम और एआरम केसाथ बैठक भी की। बैठक मेंं उन्होंने महाकुंभ मेले के दौरान बसों के संचालन के बारे मेंं विस्तार से जानकारी दी। साथ ही आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। उन्होंने रोडवेज की महाकुंभ निर्देशिका का भी विमोचन किया।
महाकुंभ को लेकर यूपी रोडवेज ने भी कमर कस ली है। बसों के संचालन से लेकर श्रद्घालुओंं की सुरक्षा और सुगम यात्रा पर विभाग के अफसरों का विशेष फोकस है। बृहस्पतिवार को रोडवेज के इंतजाम को परखने के साथ ही पूरे यूपी रीजन के अफसरों के साथ प्रबंधक निदेशक मासूम अली सरवर ने झूंसी रोडवेज वर्कशाप मेंं बैठक की। इसके पहले उन्होंने झूंसी मेंं तैयार किए जा रहे अस्थाई बस अड्डे का भी निरीक्षण किया। बताया कि सभी बसें पूरी तरह से फीट होंगी। इसके साथ ही सभी बसों के चालक और परिचालक बावर्दी और नेम प्लेट के साथ होंगे।
किसी भी चालक या फिर परिचालक से किसी भी यात्री को कोई असुविधा होती है तो उनके नाम के साथ हमारे हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत की जा सकती है। मेले के दौरान सभी स्नान पर्वोंं पर यूपी रोडवेज के आरएम और एसएम स्तर के अफसरों की ड्यूटी प्रयागराज के विभिन्न रीजनों व स्थाई व अस्थाई बसों अड्डों पर लगाई जाएगी। बैठक के जरिए आरएम और एसएम को बताया गया है कि वे अपने कार्य क्षेत्र को समझ लें और यात्रियों की सुविधा व बसों के संचालन की प्रक्रिया को लेकर अभी से जुट जाएं। बताया कि वैसे तो अफसरों की ड्यूटी 13 जनवरी को पहले स्नान पर्व से शुरू होगी लेकिन सभी की पोस्टिंग 10 जनवरी तक कर दी जाएगी।
महाकुंभ मेंं आठ प्रदेशों की बसें भी प्रयागराज से होंगी संचालित
यूपी रोडवेज के प्रबंध निदेशक मासूम अली सरवर ने बताया कि महाकुंभ के सभी छह स्नान पर्वों पर आसपास के आठ प्रदेशों के जिलों में आने और जाने के लिए बसों का संचालन किया जाएगा। प्रबंध निदेशक ने बताया कि दिल्ली, पंजाब, बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश की बसों का संचालन भी प्रयागराज से किया जाएगा। इन प्रदेशों मेंं जाकर भी वहां के लोगों को महाकुंभ में आने के लिए भी आमंत्रण दिया जाएगा। हालांकि इन इन बसों की संख्या अभी निर्धारित नहीं हो सकी हैं। प्रबंध निदेशक मासूम अली ने बताया कि श्रद्घालुओं की भीड़ को देखते हुए मेला प्रशासन से बातचीत कर बाहरी प्रदेशों के बसों की संख्या तय की जाएगी।
मेला प्रशासन के निर्देश पर चलाई जाएंगी 550 शटल बसेंं
महाकुंभ मेले के दौरान लाखोंं श्रद्घालुओं के लिए पिछले कुंभ की तर्ज पर इस बार भी शटल बसेंं संचालित की जाएंगी। इस दफे 550 शटल बसें यूपी रोडवेज की ओर से संचालित की जाएंगी। हालांकि अभी इसके संचालन की तारीख पर संशय बरकरार है। प्रबंध निदेशक मासूम अली सरवर ने बताया कि मेला प्रशासन के निर्देश पर शटल बसों का संचालन किया जाएगा। हालांकि तकरीबन हर सभी स्नान पर्वों पर बस का संचालन अभी तय किया गया है। इन्हें अस्थाई बस अड्डों से भी संचालित किया जाएगा। बताया कि श्रद्घालुओं की भीड़ बढऩे पर अतिरिक्त बसों के संचालन की भी रोडवेज ने तैयारी कर रखी है।