Prayagraj : बंधक बनाकर लूटपाट करने वाला 50 हजार का इनामी गिरफ्तार, पांच साल से था फरार
आधी रात को घरों में घुसकर लोगों को बंधक बनाकर लूटपाट करने वाले गैंग का सदस्य व 50 हजार का इनामी लुटेरा आमिर शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया गया।
विस्तार
आधी रात को घरों में घुसकर लोगों को बंधक बनाकर लूटपाट करने वाले गैंग का सदस्य व 50 हजार का इनामी लुटेरा आमिर शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया गया। शंकरगढ़ पुलिस व एसटीएफ आगरा की टीम ने उसे शंकरगढ़ से पकड़ा। आरोपी अंतरजनपदीय लुटेरा गैंग का सदस्य है और उस पर प्रयागराज समेत चार जनपदों में लगभग एक दर्जन मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी बुलंदशहर के सलेमपुर स्थित चिरचिटा गांव का रहने वाला है। उसके कब्जे से तमंचा-कारतूस व नकदी बरामद की गई है। 17 मार्च 2020 को शंकरगढ़ के सुरबल चंदेल गांव के एक घर में घुसकर लूट की वारदात अंजाम दी गई थी। आधी रात को छत के रास्ते घर में घुसे बदमाशों ने खुशबू माली व उसकी मां कुसुम देवी को बंधक बनाकर 40 हजार नकद व गहने लूट लिए थे। विवेचना में आमिर का नाम सामने आया लेकिन वह पकड़ा नहीं जा सका। पांच वर्षों तक वह पुलिस को छकाता रहा।
उस पर पहले जिला स्तर पर 25 हजार और फिर रेंज स्तर पर 50 हजार का इनाम घोषित हुआ। शंकरगढ़ पुलिस के साथ ही एसटीएफ भी उसकी तलाश में जुटी थी। 14 अगस्त की रात सूचना मिली कि वह प्रतापपुर रोड पर वन विभाग कार्यालय के पास किसी से मिलने आया है। इस पर शंकरगढ़ इंस्पेक्टर यशपाल सिंह ने फोर्स और एसटीएफ टीम के साथ घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
कौशाम्बी, चित्रकूट व बुलंदशहर में भी कीं वारदातें
एसटीएफ अफसरों के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह और उसके साथी ग्रामीण क्षेत्रों में घुमंतू बावरिया गिरोह की तरह लूट, चोरी व डकैती की घटनाएं अंजाम देते हैं। वह रात में घर में दाखिल होते हैं और फिर सदस्यों को बंधक बनाकर लूटपाट करते हैं। बताया कि उसने प्रयागराज के अलावा कौशाम्बी, बुलंदशहर व चित्रकूट में भी वारदातें की हैं। उस पर कुल 11 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें से कौशाम्बी में पांच, चित्रकूट में तीन, प्रयागराज में दो और बुलंदशहर में एक मुकदमा दर्ज है।