Prayagraj : संगम क्षेत्र में श्रद्धालुओं से भरी पिकअप पलटी, 18 श्रद्धालु घायल, एक की हालत गंभीर
संगम क्षेत्र में श्रद्धालुओं से भरी मैजिक पलटने से 18 लोग घायल हो गए। घायलों में दो बच्चे व दो महिलाएं भी शामिल हैं। घटना सुबह करीब आठ बजे की है। सभी घायलों को इलाज के लिए एसआरएन अस्पताल में ले जाया गया है। हादसा त्रिवेणी मार्ग पर हुआ। संगम पुलिस चौकी ढलान पर उतरते समय श्री बड़े हनुमान मंदिर की ओर मुड़ते समय वाहन पलट गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
संगम स्नान के लिए मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ से आए श्रद्धालुओं की पिकअप शुक्रवार सुबह संगम क्षेत्र के फोर्ट रोड पर अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में एक महिला समेत 18 लोग घायल हो गए। इनमें से एक की हालत गंभीर है। सभी घायलों का स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल में इलाज चल रहा है। चालक के अनुसार, ब्रेक फेल होने के कारण हादसा हुआ है।
मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ निवासी मुकेश ने बताया कि भागचंद पाल (25) के सपने में देवी ने पूरे परिवार के साथ संगम स्नान करने की बात कही थी। इसके लिए उनके परिवार से एक महिला समेत 15 सदस्य और पांच पड़ोसी समेत कुल 20 लोग बृहस्पतिवार की रात करीब 11 बजे पिकअप से संगम स्नान करने निकले थे। गाड़ी पर सवार कुछ लोग खड़े और कुछ बैठे थे। रातभर वह लोग देवी देवताओं के भजन गाते हुए प्रयागराज पहुंचे।
सुबह करीब आठ बजे वह लोग संगम क्षेत्र में प्रवेश कर चुके थे। बड़े हनुमान मंदिर के पास स्थित फोर्ट मोड़ पर पहुंचे ही थे कि तभी अचानक उनके गाड़ी के सामने एक अन्य वाहन आ गया, जिसे बचाने के लिए पिकअप चालक रामेश्वर पाल ने ब्रेक लगाया, तभी उनकी गाड़ी का ब्रेक फेल हो गया। गाड़ी तेज होने की वजह से अनियंत्रित होकर पलट गई। इसके बाद कुछ दूर तक सड़क पर फिसलते हुए सामने एक चबूतरे से टकराकर रुक गई।
हादसे के बाद श्रद्धालुओं में चीख पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों में भी अफरातफरी मच गई। राहगीरों की मदद से गाड़ी में फंसे श्रद्धालुओं को एक-एक करके बाहर निकाला गया। लोगों की सूचना पर संगम पुलिस चौकी इंचार्ज पवन कुमार सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे और राहत बचाव का कार्य शुरू किया। फिर दो एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को एसआरएन अस्पताल में इलाज के लिए ले जाया गया।
एक साथ डेढ़ दर्जन घायलों के पहुंचने पर अस्पताल में अफरातफरी
घटना के बाद सुबह एसआरएन अस्पताल के ट्रामा सेंटर में एक साथ करीब डेढ़ दर्जन घायलों को देखकर डॉक्टरों और स्टॉफ के बीच में अफरातफरी मच गई। इनमें से एक ही हालत गंभीर है, बाकी अन्य लोगों की स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
1.जगदीश यादव (47) 2.रामेश्वर पाल (25) 3. लेखराज पाल (23) 4.भागचंद पाल (22) 5. घनश्याम प्रसाद प्रजापति (23) 6.मनी (65) 7.चिंटू पाल (58) 8.घनश्याम पाल (35) 9.डरू पाल (65) 10.भगीरथ (60) 11.गौरा (40) 12.संजीव (12) 13.मनीष (12) 14. बीएन पाल (35) 15.चरन प्रजापति (62) (हालत गंभीर) 16.रोहित पाल (16) 17.गयादीन पाल(45) 18.मुकेश पाल (32)
अधिक सवारी बैठे होने से हुई घटना
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पिकअप में क्षमता से अधिक श्रद्धालु सवार थे। गाड़ी की स्पीड भी तेज थी। इस कारण जैसे ही गाड़ी मोड़ा गया। पीछे गाड़ी की ट्राली में खड़े सभी श्रद्धालु एक तरफ ही आ गए, जिससे गाड़ी का बैलेंस बिगड़ गया और पलट गई।