पीसीएस-2019 : नायब तहसीलदार के 150, बीडीओ के 35 पद बढ़े
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पीसीएस-2019 की प्रारंभिक परीक्षा में शामिल हुए अभ्यर्थियों के लिए राहत वाली खबर है। इस परीक्षा में नायब तहसीलदार के डेढ़ सौ और बीडीओ के 35 पद बढ़ गए हैं। पदों की संख्या बढ़कर पांच सौ के करीब पहुंच गई है। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग इस माह के अंत तक पीसीएस-2019 का अंतिम चयन परिणाम जारी कर सकता है।
आयोग ने पिछले साल 16 अक्तूबर को पीसीएस-2019 का विज्ञापन जारी किया था। इसके लिए आवेदन अक्तूबर-नवंबर में लिए गए थे और प्रारंभिक परीक्षा पिछले साल 15 दिसंबर को आयोजित की गई। परीक्षा प्रदेश के 19 जिलों के 1166 केंद्रों में आयोजित की गई। इसके लिए 544664 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से 318624 अभ्यर्थी उपस्थित और 226040 अनुपस्थित थे। विज्ञापन में पीसीएस के पदों की कुल संख्या 309 थी, जिनमें सामान्य चयन के 300 और विशेष चयन के नौ पद शमिल थे।
प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम घोषित होने से पहले नया अधियाचन आने पर पदों की संख्या बढ़ाई जा सकती है। प्रारंभिक परीक्षा का रिजल्ट अभी जारी नहीं हुआ है, सो शासन से नए पदों का अधियाचन मिलने पर पदों की संख्या बढ़ाकर 494 कर दी गई है। पीसीएस-2019 में 185 पद बढ़े हैं, जिनमें नायब तहसीलदार के 150 और खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) के 35 पद हैं। पदों की संख्या के साथ ही अब परीक्षा में शामिल हुए अभ्यर्थियों के लिए चयन के अवसर भी बढ़ गए हैं।
गौरतलब है कि पीसीएस-2016 में कुल पदों में नायब तहसीदार के सर्वाधिक 209 पद और पीसीएस-2017 में नायब तसहसीलदार के सर्वाधिक 114 पद थे लेकिन पीसीएस-2018 में नायब तहसीलदार के पदों की संख्या बहुत कम है। पीसीएस-2018 की मुख्य परीक्षा हो चुकी है, सो इस परीक्षा में पदों की संख्या बढ़ने की अब कोई गुंजाइश नहीं है। माना जा रहा है कि इसी वजह से पीसीएस-2019 में नायब तहसीलदार के पदों की संख्या बढ़ा दी गई है।
साढ़े छह हजार अभ्यर्थी होंगे क्वालीफाई
पीसीएस-2019 में पदों की संख्या के साथ ही मुख्य परीक्षा के लिए क्वालीफाई करने वाले अभ्यर्थियों की संख्या भी बढ़ेगी। आयोग ने 309 पदों के लिए विज्ञापन जारी किया गया था। पदों की संख्या के मुकाबले 13 गुना अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए उत्तीर्ण घोषित किया जाना है। ऐसे में पहले 309 पदों के मुकाबले 4017 अभ्यर्थी पास किए जाते लेकिन अब उत्तीर्ण होने वाले अभ्यर्थियों की संख्या तकरीबन 6422 हो जाएगी। यानी तकरीबन 2405 अतिरिक्त अभ्यर्थियों को भी मुख्य परीक्षा में शामिल होने का मौका मिलेगा।
रिजल्ट आने पर बढ़ सकता है विवाद
पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा में अब तक पदों की संख्या के मुकाबले 18 गुना अभ्यर्थी उत्तीर्ण किए जाते थे, लेकिन पीसीएस-2019 से आयोग ने व्यवस्था बदल दी है और पदों की संख्या के मुकाबले 13 गुना अभ्यर्थियों को पास करने का निर्णय लिया है। वहीं, अभ्यर्थी मांग कर रहे हैं कि पूर्व की भांति 18 गुना अभ्यर्थियों को ही उत्तीर्ण घोषित किया जाएगा। इस मसले पर अभ्यर्थियों ने पिछले दिनों आयोग में धरना-प्रदर्शन भी किया था। आयोग ने अभ्यर्थियों की मांग पर कोई निर्णय नहीं लिया है। इस माह के अंत तक रिजल्ट आना है। ऐसे में परिणाम जारी होने के बाद इस मुद्दे पर विवाद बढ़ सकता है और अभ्यर्थियों का आंदोलन फिर शुरू हो सकता है।