{"_id":"6a9f271d8685f9e1bf08ad4a","slug":"waterlogging-on-railway-tracks-mathura-passenger-rescheduled-by-3-hours-and-50-minutes-aligarh-news-c-56-1-hts1003-153849-2026-09-08","type":"story","status":"publish","title_hn":"हाथरस: रेलवे ट्रैक पर भरा पानी, मथुरा पैसेंजर 3:50 घंटे रिशिड्यूल, 250 ने निरस्त की यात्रा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
हाथरस: रेलवे ट्रैक पर भरा पानी, मथुरा पैसेंजर 3:50 घंटे रिशिड्यूल, 250 ने निरस्त की यात्रा
Tue, 08 Sep 2026 02:35 AM IST
अलीगढ़ ब्यूरो
अमर उजाला नेटवर्क, हाथरस
अमर उजाला नेटवर्क, हाथरस
Published by: अलीगढ़ ब्यूरो
Updated Tue, 08 Sep 2026 02:35 AM IST
सार
अंतिम समय में री-शिड्यूल की घोषणा होने के कारण स्टेशन पहुंचे यात्रियों की परेशानियां बढ़ गईं। कई यात्री पहले ही टिकट खरीद चुके थे, लेकिन रेलवे के नियमों के तहत 30 रुपये से कम मूल्य के टिकट वापस न होने के कारण उन्हें आर्थिक नुकसान झेलना पड़ा।
विज्ञापन
हाथरस सिटी रेलवे स्टेशन
- फोटो : संवाद
विस्तार
बरेली और बरेली सिटी स्टेशनों के बीच रेलवे ट्रैक पर पानी भर जाने के कारण रेल यातायात पूरी तरह चरमरा गया है। टनकपुर से अछनेरा जाने वाली ट्रेन संख्या 15094 हाथरस सिटी स्टेशन पर अपने निर्धारित समय से करीब 2.10 घंटे की देरी से पहुंची। इसके चलते कासगंज-मथुरा पैसेंजर ट्रेन संख्या 55335 को कासगंज से ही करीब 3.50 घंटे रिशिड्यूल कर दिया गया।
विज्ञापन
अंतिम समय में री-शिड्यूल की घोषणा होने के कारण स्टेशन पहुंचे यात्रियों की परेशानियां बढ़ गईं। कई यात्री पहले ही टिकट खरीद चुके थे, लेकिन रेलवे के नियमों के तहत 30 रुपये से कम मूल्य के टिकट वापस न होने के कारण उन्हें आर्थिक नुकसान झेलना पड़ा। करीब 250 से अधिक यात्रियों ने अपनी यात्रा निरस्त कर दी और निजी या सड़क परिवहन के साधनों से गंतव्य की ओर रवाना हुए। वहीं कई यात्री स्टेशन परिसर में ही चादर बिछाकर घंटों ट्रेन के आने का इंतजार करते दिखे।
विज्ञापन
इसलिए लेट हुई ट्रेन
सामान्य रूप से बरेली से कासगंज आने वाली पैसेंजर ट्रेन नंबर 55328 सुबह 07:50 बजे बरेली से चलकर 11:20 बजे कासगंज पहुंचती है। यही ट्रेन 55335 बनकर कागसंज से 11:40 बजे मथुरा के लिए रवाना होता है। सोमवार को बरेली में मार्ग परिवर्तन होने के कारण बरेली पैसेंजर ट्रेन करीब साढ़े तीन घंटे लेट रही, इसलिए मथुरा पैसेंजर ट्रेन को कासगंज से रिशिड्यूल करना पड़ा। इसका असर कासगंज से लेकर मथुरा कैंट के बीच के हाथरस सिटी स्टेशन सहित कई स्टेशनों के यात्रियों को झेलना पड़ा।
विज्ञापन
रोज हाथरस अपने हाथ का इलाज कराने आता हूं। आज भी सुबह ट्रेन से आ गया था, लेकिन दोपहर की ट्रेन काफी लेट होने के कारण लौट नहीं पाया। ट्रेन से 10 रुपये लगते हैं, बस से 60 रुपये लगेंगे। इसलिए मजबूरी में ट्रेन का इंतजार कर रहा हूं। - प्रेम चंद्र उपाध्याय, निवासी राया, मथुरा
मथुरा जाना था। गांव नगला भूरा से स्टेशन पहुंचा तो पता चला कि ट्रेन काफी लेट है। बस में सफर करने से मेरी तबीयत खराब हो जाती है, इसलिए बस से जाना मुमकिन नहीं है। अब ट्रेन जब भी आएगी, तभी जाऊंगा। - राजू, निवासी गांव नगला भूरा, हाथरस।