अलीगढ़: रेल यात्रियों के लिए अच्छी खबर, आज से रुकेगी वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस, यह होगा टाइमिंग और किराया
अलीगढ़ में अब तक वंदे भारत की चेयरकार श्रेणी की सुविधा थी। स्लीपर ट्रेन का ठहराव शुरू होने से रात में लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को बर्थ पर आराम करते हुए सफर करने का विकल्प मिलेगा। इससे कारोबारियों, विद्यार्थियों और नौकरीपेशा लोगों को सहूलियत होगी।
विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें
अलीगढ़ जिले के रेल यात्रियों को शनिवार से लंबी दूरी के सफर के लिए वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस की सौगात मिलेगी। वाराणसी से नई दिल्ली के बीच चलने वाली प्रदेश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का अलीगढ़ जंक्शन पर भी ठहराव होगा। उद्घाटन स्पेशल ट्रेन रात 11:20 बजे प्लेटफार्म नंबर सात पर पहुंचेगी।
रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डाॅ. शिवम शर्मा के अनुसार, ट्रेन बनारस स्टेशन से शाम 04:15 बजे रवाना होगी। प्रयागराज में शाम छह बजे और कानपुर सेंट्रल पर रात 8:05 बजे पहुंचेगी। यहां पांच-पांच मिनट के ठहराव के बाद ट्रेन अलीगढ़ पहुंचेगी। इसके बाद गाजियाबाद में रात 01:10 बजे और नई दिल्ली में रात दो बजे पहुंचेगी। उद्घाटन स्पेशल में कुल 16 कोच लगाए गए हैं।
दिवाली, भाई दूज और छठ पर्व के दौरान पूर्वांचल और बिहार की ओर जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ बढ़ जाती है। ऐसे में इस नई ट्रेन का ठहराव यात्रियों के लिए एक अतिरिक्त विकल्प उपलब्ध कराएगा। सांसद सतीश गौतम ने बताया कि अलीगढ़ में वंदे भारत स्लीपर के ठहराव की मांग रेल मंत्रालय को प्रस्ताव भेजकर की गई थी।
लंबी दूरी के यात्रियों को मिलेगी राहत
अलीगढ़ में अब तक वंदे भारत की चेयरकार श्रेणी की सुविधा थी। स्लीपर ट्रेन का ठहराव शुरू होने से रात में लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को बर्थ पर आराम करते हुए सफर करने का विकल्प मिलेगा। इससे कारोबारियों, विद्यार्थियों और नौकरीपेशा लोगों को सहूलियत होगी। अलीगढ़ का ताला-हार्डवेयर उद्योग और एएमयू में पढ़ने वाले पूर्वांचल व बिहार के विद्यार्थियों को भी बेहतर रेल कनेक्टिविटी का लाभ मिल सकेगा।
आधुनिक सुविधाओं से लैस है ट्रेन
वंदे भारत स्लीपर में यात्रियों की सुविधा के लिए आरामदायक बर्थ, मोबाइल चार्जिंग पॉइंट, रीडिंग लाइट, आधुनिक शौचालय और स्वचालित दरवाजों जैसी सुविधाएं दी गई हैं। लंबी दूरी की रात की यात्रा को आरामदायक बनाने के लिए कोचों को आधुनिक तकनीक और सुविधाओं से तैयार किया गया है। दिल्ली से वनारस की दूरी करीब साढ़े नाै घंटे में पूरी होगी। 16 कोच वाली इस गाड़ी में प्रथम श्रेणी एसी का एक कोच, द्वितीय श्रेणी के चार व तृतीय श्रेणी एसी के 11 कोच शामिल हैं।
नई दिल्ली से बनारस तक का अनुमानित किराया
- प्रथम श्रेणी एसी : 4200 से 4500
- द्वितीय श्रेणी : 3200 से 3500
- तृतीय श्रेणी : 2400 से 2600