Aligarh News: दो बहनों को हुआ डायरिया, एक की हुई मौत, परिवार में छाया मातम
बैजला गांव निवासी संतोष कुमार के अनुसार उनकी बड़ी बेटी डिंपल और बीच की बेटी भक्ति (ढाई वर्ष) को उल्टी-दस्त शुरू हुआ। उन्होंने काजिमाबाद में एक अप्रशिक्षित डॉक्टर के पास दोनों का इलाज शुरू कराया, लेकिन फायदा नहीं हुआ।
विस्तार
गांव बैजला में दो सगी बहनें डायरिया का शिकार हो गईं। इनमें से ढाई साल की भक्ति ने 25 जुलाई की सुबह दम तोड़ दिया। इसके बाद परिजनों ने दूसरी बेटी को सौ शैय्या वाले अस्पताल अतरौली में भर्ती कराया है। मृतका के पिता ने गांव में दो-तीन अन्य बच्चों के भी डायरिया पीड़ित होने की बात कही है।
बैजला गांव निवासी संतोष कुमार के अनुसार उनकी बड़ी बेटी डिंपल (9) और बीच की बेटी भक्ति (ढाई वर्ष) को 23 जुलाई को उल्टी-दस्त शुरू हुआ। उन्होंने काजिमाबाद में एक अप्रशिक्षित डॉक्टर के पास दोनों का इलाज शुरू कराया, लेकिन फायदा नहीं हुआ। 25 जुलाई की सुबह भक्ति की मौत हो गई। इसके बाद डरे-सहमे परिजन ने तत्काल ही दूसरी बेटी डिंपल को सौ शैय्या वाले अस्पताल अतरौली में लाकर भर्ती कराया है।
गांव बैजला में डायरिया पीड़ित होने की सूचना सीएचसी पर नहीं है। दो बहनों को डायरिया होने की जानकारी भी नहीं थी। अब सूचना मिली है। गांव में शनिवार को टीम भेजकर जांच कराई जाएगी। यदि किसी को डायरिया है तो दवा भी दी जाएगी।-डॉक्टर अवनेंद्र यादव,सीएचसी प्रभारी, अतरौली।
विज्ञापन विज्ञापन
दूसरी नवजात बेटी की भी मौत
गांव बैजला निवासी संतोष कुमार की दूसरी नवजात बेटी की भी मौत हो गई है। उन्होंने बताया कि 21 जुलाई को उनकी पत्नी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रसव के दौरान तीसरी बेटी को जन्म दिया था। इसके बाद नवजात बेटी की हालत बिगड़ी तो उसे सीएचसी से जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। वह नवजात बेटी को 22 जुलाई को अलीगढ़ ले गए, लेकिन उसी दिन उसकी मौत हो गई। एक के बाद दूसरी बेटी की मौत से परिजन का रो-राेकर बुरा हाल है।