Aligarh: किशोर ने केनरा बैंक से आठ लाख रुपये किए पार, लंच के समय युवक के साथ आया था किशोर
केनरा बैंक में गुरुवार दो बजे स्टाफ ने लंच शुरू किया। बैंक के अंदर खाते धारक मौजूद होने के कारण स्टाफ ने मेन गेट बंद नही किया। दो बजकर 12 मिनट पर एक युवक के साथ पंद्रह वर्षीय किशोर बैक में दाखिल हुआ और स्टाफ की नजरों से बचता हुआ किशोर कैश काउंटर तक पहुंचा। यहां काउंटर पर रखे आठ लाख रुपये साथ लाए थैले में रखे और साथी के साथ बाहर की ओर निकल गया।
विस्तार
अलीगढ़ में खैर कस्बा स्थित केनरा बैंक में गुरूवार को लंच के दौरान पंद्रह वर्षीय किशोर ने बैंक में घुसकर कैश काउंटर से आठ लाख रूपये पार कर दिए और अपने साथ मौजूद एक युवक के साथ रुपयों का थैला लेकर रफूचक्कर हो गया। लंच के बाद काउंटर पर कैश कम देख कैशियर ने गिनती की तो कैश कम था। सीसीटीवी फुटेज में रुपयों का थैला ले जाते हुए किशोर देख जाने के बाद हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंचे इंस्पेक्टर खैर व एसओजी टीम ने रुपये चुराकर ले गए किशोर व उसके साथी की तलाश शुरू कर दी है। बैंक स्टाफ ने पूरे प्रकरण से बैंक के आला अधिकारियों को अवगत करा दिया है।
एसबीआई के सामने स्थित केनरा बैंक में गुरुवार दो बजे स्टाफ ने लंच शुरू किया। बैंक के अंदर खाते धारक मौजूद होने के कारण स्टाफ ने मेन गेट बंद नही किया। दो बजकर 12 मिनट पर एक युवक के साथ पंद्रह वर्षीय किशोर बैक में दाखिल हुआ और स्टाफ की नजरों से बचता हुआ किशोर कैश काउंटर तक पहुंचा। यहां काउंटर पर रखे आठ लाख रुपये साथ लाए थैले में रखे और साथी के साथ बाहर की ओर निकल गया। लंच के बाद कैशियर संतोष कुमार ने काउंटर पर रखे रूपये कम देखा तो तत्काल गिनती शुरू की। प्रथम दृष्टयता आठ लाख रूपये कम होने पर बैंक मैनेजर मोहम्मद तारिक को सूचना दी गई।
इसके बाद बैंक के कैश काउंटर से आठ लाख रुपये चोरी होने पर मैनेजर भी घबड़ा गए और तत्काल सीसीटीवी की फुटेज देखीं, जिसमें किशोर रूपयों से भरा थैला ले जाते हुए दिखाई दिया। मैनेजर ने पूरे प्रकरण से खैर पुलिस व बैंक के उच्च अधिकारियों को अवगत कराया। सूचना पर इंस्पेक्टर खैर प्रदीप कुमार, चौकी इंचार्ज अजेन्द्र सरोहा मौके पर पहुंचे और बाद में एसओजी टीम भी पहुंच गई। आसपास के सीसीटीवी खंगाले गए। सीसीटीवी कैमरों में कैद किशोर व युवक की तलाश में में एसओजी व पुलिस ने कई स्थानों पर दबिश दी। बैंक मैनेजर मोहम्मद तारिक ने कोतवाली में तहरीर दी है। इंस्पेक्टर खैर प्रदीप कुमार का कहना है कि पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है।